RANCHI:कोरोना के मरीज तेजी से रिकवर कर रहे हैं। बुधवार को रांची समेत राज्य भर के 22 जिलों में 1053 मरीजों ने कोरोना को मात दी। इसके साथ ही राज्य का रिकवरी रेट 91.52 फीसदी हो गया है। यह राष्ट्रीय औसत से 4.42 फीसदी ज्यादा है। इस बीच रांची में कोरोना के सबसे ज्यादा 263 नए मरीजों की पहचान हुई। वहीं जमशेदपुर में 59 नए मरीजों की पुष्टि हुई। रांची और जदमशेदपुर जिले में 479 लोग स्वस्थ हुए हैं। बुधवार को राज्य के 24 जिलों से 633 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए।

कम हो रही है रफ्तार

रांची में भले ही कोरोना के नए मरीजों की संख्या कम होने की रफ्तार धीमी हो, लेकिन राज्य के अन्य जिलों में काफी कम नए मरीज मिल रहे हैं। बुधवार को नौ जिलों में दस से भी कम (प्रति जिला) मरीजों की पहचान हुई। जमशेदपुर में रांची के बाद सबसे ज्यादा 59 और तीसरे स्थान पर बोकारो में 44 नए मरीजों की पहचान हुई।

कहां से मिले कितने मरीज

झारखंड में बुधवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 633 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 263, बोकारो से 44, चतरा से 4, देवघर से 17, धनबाद से 30, दुमका से 3, पूर्वी सिंहभूम से 59, गढ़वा से 8, गिरिडीह से 6, गोड्डा से 8, गुमला से 27, हजारीबाग से 21, जामताड़ा से 3, खूंटी से 20, कोडरमा से 12, लातेहार से 2, लोहरदगा से 14, पाकुड़ से 11, पलामू से 2, रामगढ़ से 20, साहिबगंज से 2, सरायकेला से 12, सिमडेगा से 20, पश्चिमी सिंहभूम से 25 नए मरीज मिले। अब तक 94 हजार 369 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 86 हजार 367 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 811 की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य भर में 7191 एक्टिव केसेज बचे हैं। बुधवार को राज्य भर के चार जिलों में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इसमें रांची व धनबाद के 2-2, पूर्वी तथा पश्चिमी सिंहभूम के 1-1 मरीज शामिल हैं।

मेडिका में 90 साल की महिला ने दी कोरोना को मात

भगवान महावीर मेडिका सुपरस्पेशलटी हॉस्पिटल ने आज अस्पताल में भरती कोरोना की 90 वर्षीया एक महिला मरीज को पूरी तरह स्वस्थ कर घर के लिए रवाना किया। अस्पताल के डॉक्टरों, पदाधिकारियों एवं सपोर्ट स्टॉफ ने ख़ुशी का इजहार करते हुए मरीज को विदा किया। मेडिका अस्पताल के सलाहकार डॉ आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि रांची के लालपुर की रहने वाली महिला मरीज करीब 90 साल की हैं। ब्लड प्रेशर, डिप्रेशन और सीवियर गैसट्राइटिस की मरीज बुजुर्ग महिला 9 दिन पहले मॉडरेट कोविड की शिकायत लेकर मेडिका अस्पताल में भरती हुईं थीं। दो दिनों तक आईसीयू में ऑक्सीजन पर रहने के बाद अच्छी रिकवरी को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रूम में शिफ्ट कर दिया। मेडिका के एवीपी अनिल कुमार एवं जीएम मनोज रॉय मरीज के इलाज में कोई कोताही ना हो, इसके लिए पूरी तरह मुस्तैद रहे। अस्पताल से घर रवाना होते समय मरीज के चेहरे पर ख़ुशी देखते ही बनती थी। बेहतर इलाज के लिए उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, नसरें और सपोर्ट स्टाफ का शुक्रिया अदा किया। उनकी 'थम्सअप' की मुद्रा, कोविड के खलिाफ जंग जीतने की तसदीक कर रही थी।

Posted By: Inextlive