- एक दिन में सबसे ज्यादा 15 लोगों की हुई मौत, रांची में दो ने तोड़ा दम

- कोरोना को हराने वालों की संख्या अब साढ़े तेरह हजार के पार

सक्रिय मरीज : 8223

अब तक स्वस्थ : 13678

कोरोना के कुल मामले : 22125

अबतक मौत : 224

रांची: रांची में दो दिनों तक सौ से कम मरीज मिलने के बाद अचानक शुक्रवार को रिकॉर्ड संख्या में नए मरीज मिले हैं। राज्य भर के सभी 24 जिलों में नए मरीजों की पहचान हुई है। शुक्रवार को राज्य में 1175 नए मरीज मिले। अकेले रांची में 276 मरीजों की पहचान हुई है। वहीं राज्य में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी एकाएक बढ़ गया। कुल 15 मरीजों ने विभिन्न अस्पतालों में दम तोड़ा।

565 मरीजों ने दी मात

इस बीच राहत की खबर है कि यहां मरीज अब तेजी से स्वस्थ होने लगे हैं। ऐसे मरीजों की संख्या अब 13678 हो गई है, जो कोरोना को मात दे चुके हैं। इससे राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर एक बार फिर 62 फीसद हो गई है। शुक्रवार को भी राज्य के सभी जिलों में 565 मरीज स्वस्थ हुए। कई दिनों से लगातार नए संक्रमित से अधिक पुराने मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। इधर, शुक्रवार को सारठ विधायक व पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह, उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्री भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। कोरोना संक्रमण की जांच के अभियान के बीच शुक्रवार को भी राज्य में 1175 नए मरीजों की पहचान हुई। इधर, शुक्रवार को 15 मरीजों की मौत हो गई। इनमें जमशेदपुर के आठ, रांची, देवघर, रामगढ़ के दो-दो तथा हजारीबाग के एक मरीज शामिल हैं। बताया जाता है कि ये सभी अन्य बीमारियों से भी ग्रस्त थे। नए मरीजों के मिलने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 8223 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 22125 हो गए हैं, जिनमें 13678 स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 224 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इनमें अधिसंख्य या तो वृद्ध थे या अन्य बीमारियों से जूझ रहे थे।

यहां इतने मरीज हुए स्वस्थ

शुक्रवार को धनबाद में 78, बोकारो में 50, देवघर में 59, दुमका में 18, गिरिडीह में नौ, गोड्डा में 25, हजारीबाग में 27, जामताड़ा में दो, कोडरमा में 20, पलामू में 78, रांची में 51, साहिबगंज में 20, सरायकेला में 11, सिमडेगा में सात तथा पश्चिमी सिंहभूम में 25 मरीज स्वस्थ हुए।

Posted By: Inextlive