रांची: लंबे अर्से के बाद राज्य में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। रविवार को 17 हजार 793 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें केवल 574 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा 766 ने कोरोना को मात भी दी। ताजा आंकड़ों के अनुसार अब राज्य भर में 8167 एक्टिव केसेज बचे हैं। इस बीच राहत की बात यह है कि रविवार को कोरोना से केवल तीन मरीजों की मौत हुई। इसमें धनबाद के दो और जमशेदपुर के एक मरीज की मौत हुई।

रांची में फिर सबसे ज्यादा केस

एक बार फिर रांची में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। कुल 286 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। हालांकि, 244 ने स्वस्थ होकर विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज भी हासिल किया है। रविवार को 286 नए मरीजों के मिलने के बाद रांची में कुल एक्टिव केसेज की संख्या 2669 रह गई है। रांची को छोड़ किसी जिले में नए संक्रमितों का आंकड़ा पचास भी नहीं छू पाया है। दूसरी ओर, रिकवरी के मामले में गुमला और जमशेदपुर में एक सौ से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है।

कहां से मिले कितने संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को देर रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 574 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 286, बोकारो से 47, चतरा से 7, देवघर से 6, धनबाद से 42, दुमका से 1, पूर्वी सिंहभूम से 45, गढ़वा से 8, गिरिडीह से 12, गोड्डा से 9, गुमला से 15, हजारीबाग से 11, जामताड़ा से 5, खूंटी से 23, कोडरमा से 19, लातेहार से 11, लोहरदगा से 1, पलामू से 1, रामगढ़ से 6, साहिबगंज से 9, सरायकेला से 5, सिमडेगा से 2, पश्चिमी सिंहभूम से 3 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इस तरह अब तक झारखंड में पॉजिटिव केसेज की संख्या 92525 हो चुकी है। हालांकि, 83571 के स्वस्थ होने और 787 की मौत के बाद कुल एक्टिव केसेज 8167 बचे हैं।

रिकवरी रेट 90 फीसदी से ऊपर

झारखंड में रिकवरी रेट 90.32 फीसदी हो गया है। यह नेशनल रिकवरी रेट से लगभग 4 परसेंट ज्यादा है। वहीं डेथ रेट भी 0.85 फीसदी है, जो नेशनल डेथ रेट 1.50 से कम ही है। रविवार को रांची समेत राज्य के 22 जिलों में किसी की मौत नहीं हुई। अब तक रांची में 144 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं जमशेदपुर में मरने वालों का आंकड़ा 315 पहुंच गया है। इन दो जिलों के अलावा केवल धनबाद में मृतकों की संख्या 50 से ज्यादा है। 13 जिलों में मरने वालों की संख्या 10 (प्रति जिला) से भी कम है।

Posted By: Inextlive