रांची: कोरोना को सेकेंड वेव दस्तक दे चुका है। संक्रमण के बढ़ते मामले हालात बेकाबू होने की ओर इशारा कर रहे हैं। आलम यह है कि रांची में एक बार फिर सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। बुधवार को अकेले रांची में ही 351 कोरोना पॉजिटिव केसेज की पहचान हुई। इसके साथ ही पिछले सात दिनों में रांची में 1393 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। रांची में कोरोना के एक्टिव केसेज की संख्या 1562 हो चुकी है। वहीं जमशेदपुर में भी संक्रमण का प्रसार तेजी से हो रहा है। यहां बुधवार को 121 मामले सामने आए।

हफ्ते भर में 276 रिकवर

रांची में जहां एक ओर औसतन हर दिन संक्रमण के 200 मामले सामने आ रहे हैं, वहीं पिछले सात दिनों में रिकवर होने वालों की संख्या 276 ही है। 25 मार्च से अब तक सबसे ज्यादा रिकवरी बुधवार को ही हुई। रांची में 49 लोगों ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। वहीं जमशेदपुर में 22 लोगों की रिकवरी हुई।

यहां से मिले इतने मामले

राज्य सरकार द्वारा बुधवार की रात जारी कोविड टेस्ट रिपोर्ट के अनुसार राज्य भर में 693 संक्रमितों की पहचान हुई। वहीं 122 ने कोरोना को मात भी दी। 31 मार्च को रात 9 बजे तक 24 घंटों के भीतर बोकारो में 11, चतरा में 3, देवघर में 13, धनबाद में 8, दुमका में 19, जमशेदपुर में 121, गिरिडीह में 7, गोड्डा में 12, गुमला में 13, हजारीबाग में 15, जामताड़ा में 2, खूंटी में 5, कोडरमा में 16, लातेहार में 3, लोहरदगा में 6, पाकुड़ में 11, पलामू में 2, रामगढ़ में 18, रांची में 351, साहिबगंज में 15, सरायकेला-खरसावां में 7, सिमडेगा में 27 व पश्चिमी सिंहभूम में 8 संक्रमितों की पहचान हुई।

अब 2825 एक्टिव

राज्य भर में एक्टिव केसेज की संख्या पिछले सात दिनों में 1175 से बढ़कर 2825 हो गई है। आधे से ज्यादा एक्टिव केसेज अकेले रांची में ही हैं। दूसरे स्थान पर जमशेदपुर है, जहां 363 एक्टिव केसेज हैं। सबसे कम मरीज गढ़वा (4) में हैं। वहीं अन्य जिलों में संक्रमण का प्रसार तेजी से नहीं हो रहा है। ज्यादातर जिलों में 10 और 20 के बीच मामले सामने आ रहे हैं।

रांची में कब कितने मरीज, कितने रिकवर

तारीख - संक्रमित - रिकवर

25 मार्च - 170 - 47

26 मार्च - 179 - 47

27 मार्च - 187 - 39

28 मार्च - 182 - 31

29 मार्च - 62 - 19

30 मार्च - 262 - 44

31 मार्च - 351 - 49

Posted By: Inextlive