-- राज्य में अबतक 2035 कोरोना मरीज हो चुके हैं स्वस्थ

- शनिवार को भी 34 मरीजों के स्वस्थ होने की सूचना

रांची : राज्य में लगातार कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की खबर के बीच शनिवार को तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। हालांकि ये तीनों मरीज कोरोना संक्रमित होने से पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। इधर, शनिवार को शाम तक 36 नए संक्रमितों की भी पहचान हुई है, जबकि 34 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

दो की मौत

रांची के रिम्स कोविड अस्पताल में भर्ती दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक मरीज खूंटी के मेला टांड़ निवासी 59 वर्षीय बुजुर्ग भी शमिल हैं, जो लंबे समय से दिल की बीमारी से पीडि़त थे। इनके अलावा रिम्स में ही साहिबगंज की एक महिला की भी मौत हो गई, जिन्हें शुक्रवार को ही कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद भर्ती किया गया था। उन्हें किडनी की समस्या थी। दूसरी ओर जमशेदपुर के सोनारी निवासी एक 72 वर्षीय वृद्ध मरीज की मौत टीएमएच जमशेदपुर में हो गई। वे काफी दिनों से मधुमेह तथा किडनी की समस्या से जूझ रहे थे।

पूर्वी सिंहभूम में 13

इधर, शनिवार को पूर्वी सिंहभूम में 13, रांची में छह, धनबाद में चार, पलामू में तीन, देवघर, सरायकेला खरसावां तथा हजारीबाग में दो-दो, बोकारो, लोहरदगा, पाकुड़ तथा गिरिडीह में एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, शनिवार को ही पूर्वी सिंहभूम में 14, धनबाद में 11 तथा पलामू में छह मरीज स्वस्थ भी हुए। राज्य में तीन मरीजों की मौत होने से कोरोना मरीजों की मौत की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। हालांकि इनमें से एक-दो को छोड़कर सभी अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त थे। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 686 हो गई है। वहीं कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 2739 हो गई है, जिनमें 2035 स्वस्थ हो चुके हैं।

Posted By: Inextlive