RANCHI:कोरोना संक्रमण को मात देने वालों की संख्या अब तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को भी रांची में सबसे ज्यादा 419 लोगों ने संक्रमण को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से घर वापसी की। अब रांची में तीन हजार से कम (2821) मरीज ही एक्टिव बचे हैं। इनमें से करीब 1800 मरीज घरों में रहकर इलाज करा रहे हैं, जबकि एक हजार के आसपास का इलाज विभिन्न कोविड हॉस्पिटल्स में चल रहा है।

दो जिलों में सबसे ज्यादा संक्रमित

रांची और जमशेदपुर में गुरुवार को सबसे ज्यादा संक्रमित पाए गए। गुरुवार की रात स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 23 जिलों से 784 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 247, बोकारो से 24, चतरा से 12, देवघर से 16, धनबाद से 32, पूर्वी सिंहभूम से 233, गढ़वा से 7, गिरिडीह से 5, गोड्डा से 4, गुमला से 17, हजारीबाग से 17, जामताड़ा से 8, खूंटी से 24, कोडरमा से 25, लातेहार से 2, लोहरदगा से 7, पाकुड़ से 4, पलामू से 7, रामगढ़ से 16, साहिबगंज से 3, सरायकेला से 37, सिमडेगा से 3, पश्चिमी सिंहभूम से 34 नए संक्रमितों की पहचान हुई। गुरुवार को दुमका से एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज की पहचान नहीं हुई।

80 हजार से ज्यादा स्वस्थ

राज्य में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 90486 हो चुकी है। हालांकि, 80 हजार 439 स्वस्थ हो चुके हैं। इस तरह अब राज्य भर में 9272 एक्टिव केस बचे हैं। गुरुवार को राज्य के चार जिलों से 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। रांची में सबसे ज्यादा पांच लोगों ने दम तोड़ा। वहीं बोकारो, पलामू और रामगढ़ के एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। इधर, स्वस्थ होने के मामले में रांची के बाद सबसे बड़ी संख्या में जेमशेदपुर से 113 और कोडरमा से 117 लोग रिकवर हुए।

Posted By: Inextlive