-- कोरोना संक्रमित 11 और मरीजों की मौत, जज सहित 531 नए पॉजिटिव

-- रांची में सबसे अधिक 233 मरीज हुए स्वस्थ, अन्य जिलों में भी रिकवरी रेट बेहतर

रांची : राज्य में अब कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इससे अब रिकवरी रेट भी बेहतर हो रही है। सोमवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में 699 मरीज स्वस्थ हुए। उधर अलग-अलग जिलों में 531 नए मरीज भी मिले, जबकि 11 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। सोमवार को सर्वाधिक 233 मरीज रांची में स्वस्थ हुए। चक्रधरपुर में एक जज के भी संक्रमित होने की सूचना है।

जमशेदपुर में 5 मौत

सोमवार को जमशेदपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत को आंकड़ा सोमवार को भी सर्वाधिक रहा। यहां टीएमएच में इलाजरत पांच मरीजों की मौत हो गई। इनमें गोलमुरी की 62 वर्षीय महिला, नोवामुंडी की 59 वर्षीय महिला, जुगसलाई की 48 वर्षीय महिला तथा जमशेदपुर के एक 69 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। ये सभी सांस संबंधित बीमारियों से जूझ रहे थे। उधर, साहिबगंज में दो मरीजों की मौत हुई है, जिनमें एक वृद्ध हृदय रोग से भी ग्रसित थे। पश्चिमी सिंहभूम के ही एक अन्य मरीज की भी इलाज के क्रम में मौत की सूचना है।

आधे मरीज हो चुके हैं स्वस्थ

झारखंड में अब कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर 52 फीसद पर पहुंच गई है। इस तरह, लगभग आधे मरीज अब स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर वर्तमान में यह दर 68.33 फीसद है। बता दें कि झारखंड में पिछले दिनों यह दर घटकर 35 फीसद तक नीचे पहुंच गई थी। पिछले दो-तीन दिनों में बड़ी संख्या में मरीजों के स्वस्थ होने के कारण आंकड़ों में सुधार हुआ है।

कहां मिले कितने नए मरीज

झारखंड में सोमवार को रिपोर्ट के अनुसार 531 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 62, बोकारो से 29, चतरा से 4, देवघर से 29, धनबाद से 14, दुमका से 8, पूर्वी सिंहभूम से 67, गढ़वा से 39, गिरोडीह से 10, गोड्डा से 3, गुमला से 18, हजारीबाग से 14, जामताड़ा से 2, खूंटी से 7, कोडरमा से 25, लातेहार से 27, लोहरदगा से 6, पाकुड़ से 1, पलामू से 60, रामगढ़ से 33, सहिबगंज से 15, सराईकेला से 17, सिमडेगा से 29, पश्चिमी सिंहभूम से 12 राज्य में कुल आंकड़े 18786 हुए।

कहां कितने मरीज हुए स्वस्थ

सोमवार को रांची में 233, गढ़वा में 95, पाकुड़ में 66, गुमला में 60, गिरिडीह में 57, हजारीबाग में 28, रामगढ़ में 27, पलामू में 24, जमशेदपुर में 11, चतरा में 38, प। सिंहभूम में 17, दुमका तथा बोकारो में आठ-आठ, सिमडेगा में सात, कोडरमा में छह, साहिबगंज में पांच, गोड्डा तथा जामताड़ा में तीन-तीन मरीज स्वस्थ हुए।

Posted By: Inextlive