कोरोना के 629 नए मरीज मिले, पांच की मौत

- रिम्स में चार और एमजीएम जमशेदपुर में एक कोरोना संक्रमित की मौत

RANCHI:राज्य में अब कोरोना के मरीज तेजी से ठीक होने लगे हैं। राज्य में अबतक 62 फीसद से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को जहां रिकॉर्ड 1782 मरीज स्वस्थ हुए थे, वहीं गुरुवार को भी 17 जिलों से 601 मरीज स्वस्थ हुए। तेजी से रिकवर करने वालों में रांची के मरीज सबसे ज्यादा हैं। गुरुवार को रांची के 176 लोगों ने कोरोना को मात दी। वहीं, गुरुवार को राज्य के सभी 24 जिलों से 629 नए मरीजों की पहचान हुई। इस बीच पांच लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई है।

यहां से मिले इतने मरीज

झारखंड में गुरुवार को 629 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 78, बोकारो से 11, चतरा से 1, देवघर से 12, धनबाद से 79, दुमका से 1, पूर्वी सिंहभूम से 138, गढ़वा से 23, गिरोडीह से 4, गोड्डा से 11, गुमला से 13, हजारीबाग से 16, जामताड़ा से 2, खूंटी से 25, कोडरमा से 8, लातेहार से 28, लोहरदगा से 9, पाकुड़ से 8, पलामू से 31, रामगढ़ से 25, सहिबगंज से 4, सरायकेला से 53, सिमडेगा से 30, पश्चिमी सिंहभूम से 19 मरीज मिले। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 20950 हो गया है। दूसरी ओर, 7728 एक्टिव केस बचे हैं। वहीं कोरोना को मात देने वालों की संख्या 13013 हो गई है। हालांकि, कोरोना से मरने वालों की संख्या 209 हो गई है।

पांच मरीजों की हुई मौत

गुरुवार को भी राज्य में पांच मरीजों की मौत हो गई। रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती चार संक्रमित मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई। इनमें बोकारो, धनबाद, सिमडेगा तथा एक धुर्वा (रांची) के एक-एक मरीज थे। धनबाद के जिन दो मरीजों की मौत हुई उनमें एक दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार भी शामिल हैं। इन्हें सांस से संबंधित समस्या पहले से थी। वे आसनसोल कार्यालय में कार्यरत थे। इधर, जमशेदपुर के एमजीएम में भी एक मरीज की मौत हो गई।

Posted By: Inextlive