- रांची में मिले 68 नए इन्फेक्टेड

- कार्मिक सचिव अजय कुमार सिंह भी संक्रमित

- सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी ने भी कराई दोबारा जांच, रिपोर्ट निगेटिव

एक्टिव केस - 8742

स्वस्थ हुए - 5199

कोरोना के कुल केस - 14070

मौत - 129

रांची: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को कैदियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारी तक संक्रमण की चपेट में आए। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का और राजा पीटर भी संक्रमित मिले। इसके अलावा कार्मिक सचिव अजय कुमार सिंह की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंगलवार को रांची में 68 नए मरीज मिले। अच्छी खबर यह रही कि सीएम हेमंत सोरेने और उनके परिवार के सदस्यों की कोविड टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई। दूसरी ओर रांची के 67 लोगों ने कोरोना को मात भी दी।

नामकुम में एक ही परिवार के 7 पॉजिटिव

नामकुम चौक स्थित एसबीआई के समीप रहने वाले एक परिवार के 7 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सभी को बहू बाजार स्थित पॉलिटेक्निक में शिफ्ट कर दिया गया है। सात लोगों के पॉजिटिव मिलने से आसपास के लोग सहमे हैं। सभी ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। बुधवार से सील करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

16 कैदी मिले संक्रमित

होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद पूर्व मंत्री एनोस एक्का तथा राजा पीटर मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अलावा अन्य 16 कैदी व जेलकर्मी संक्रमित मिले हैं। इससे जेल प्रशासन की ¨चता बढ़ गई है। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कार्मिक सचिव कोरोना से संक्रमित होनेवाले राज्य के दूसरे आइएएस पदाधिकारी हैं। इससे पहले हजारीबाग के उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह कोरोना से संक्रमित हुए थे। राहत की बात यह है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीएम आवास के 17 कर्मियों के संक्रमित पाए जाने के बाद मंगलवार को पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों की दोबारा जांच कराई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।

कई नामचीन भी आ चुके हैं चपेट में

पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, पूर्व मंत्री तथा वर्तमान विधायक सीपी सिंह, मथुरा महतो, पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता भी कोरोना के चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि मथुरा महतो को छोड़कर सभी स्वस्थ हो चुके हैं।

जमशेदपुर में दो, रांची में एक की मौत

मंगलवार को जमशेदपुर के टीएमएच में इलाजरत जमशेदपुर की एक महिला व सरायकेला खरसावां के पुरुष की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं रिम्स कोविड अस्पताल में इलाजरत मांडर के एक मरीज की भी मौत सुबह में हो गई। कोरोना मरीजों की मौत की संख्या बढ़कर अब 161 हो गई है। हालांकि इनमें से कई अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।

22 जिलों में सौ से ज्यादा सक्रिय केस

अब महज दो ही जिले दुमका व जामताड़ा ही बचे हैं, जहां सौ से कम सक्रिय केस है। रांची और जमशेदपुर में तो यह संख्या 1500 से ऊपर हो गई है। वहीं धनबाद में सक्रिय केस की संख्या 500 तथा चतरा, देवघर, गढ़वा, गुमला, कोडरमा, लातेहार, रामगढ़, पलामू तथा प। सिंहभूम में यह संख्या 200 से अधिक हो गई है।

Posted By: Inextlive