कोरोना के 93 मरीज मिले, सिमडेगा निवासी वृद्ध की मौत
रांची : राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों का मिलना लगातार जारी है। शुक्रवार को झारखंड में 93 नए मरीज मिले, जबकि एक वृद्ध की मौत हो गई। लगातार संक्रमण से जूझ रहे राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में रांची का एक इंटर्न छात्र भी संक्रमित मिला है। इससे पहले एक दिन में इतनी संख्या में मरीज नहीं मिले थे। हालांकि मई महीने में प्रवासियों की आमद बढ़ने के बाद लगातार बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं। शुक्रवार को झारखंड में 20 मरीज कोरोना वायरस को शिकस्त देते हुए संक्रमणमुक्त भी हुए। इसके साथ ही राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या अब 520 हो चुकी है, जबकि 410 लोग संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 936 तक पहुंच चुका है। रिम्स कोविड अस्पताल में भर्ती सिमडेगा के जलडेगा निवासी 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक की मौत के बाद अब राज्य में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत का आंकड़ा सात हो गया है।
पूर्वी सिंहभूम सबसे बड़ा हॉटस्पॉटरांची के हिंदपीढ़ी में संक्रमण थमने के बाद अब पूर्वी सिंहभूम राज्य का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को भी 15 नए मरीज मिले, जबकि इस जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 137 तक पहुंच गई है। शुक्रवार को सिमडेगा में 30, हजारीबाग में 24, पूर्वी सिंहभूम में 15, रामगढ़ में सात, गढ़वा व लातेहार में छह-छह तथा जमशेदपुर, रांची, गुमला, धनबाद, कोडरमा व पलामू में एक-एक नए मरीज मिले हैं। वहीं 20 लोग कोरोना को मात देते हुए स्वस्थ भी हुए हैं। स्वस्थ होने वालों में गिरिडीह के छह, बोकारो के पांच, कोडरमा तथा दुमका के दो-दो और रांची, गुमला, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा व धनबाद में एक-एक मरीज शामिल हैं। इधर, रांची के आलम नर्सिग होम में इलाजरत दो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक गोमो निवासी 25 वर्षीय युवक स्पाइन की समस्या तथा दूसरा रामगढ़ के चितरपुर निवासी व्यक्ति यूरिन की समस्या को लेकर इलाज के लिए पहुंचा था।
जिलावार सक्रिय मामले जिला एक्टिव केस पूर्वी सिंहभूम : 137 धनबाद : 60 हजारीबाग : 59 रामगढ़ : 46 गुमला : 26 कोडरमा : 28 रांची : 17 सिमडेगा : 49 पश्चिमी सिंहभूम : 13 गढ़वा : 20 गिरिडीह : 03 बोकारो 04 पाकुड़ : 02 खूंटी : 08 लोहरदगा : 04 सरायकेला-खरसावां : 18 लातेहार : 13 साहिबगंज : 03 पलामू : 10