रांची के गांव में डायन कहकर मां बेटी का पहले सिर मुड़ाया फिर गांव में घुमाया और मैला पिलाया। 11 आरोपी अरेस्ट।

RANCHI: जादू-टोना और डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वासी परंपराओं ने एक बार फिर झारखंड को शर्मसार किया है। ताजा मामला राजधानी रांची के बुंडू अनुमंडल स्थित सोनाहातू थाना क्षेत्र के दुलमी गांव का है, जहां डायन-बिसाही के नाम पर एक बुजुर्ग महिला और उसकी बेटी के साथ हैवानियत की सारे हदें पार कर दी गई। डायन बताते हुए इनके साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि मैला पिलाया और श्मशान घाट पर ले जाकर सिर मुंडवा फिर सफेद साड़ी पहनकर पूर गांव में घुमाया। विक्टिम ने बताया कि गांव के ही जीत मोहन नायक, अशोक नायक, गुलाब नायक, सम्बत नायक, प्रमिला देवी और शिला देवी ने डायन कहकर उनके साथ हैवानियत की।

 

11 आरोपी गिरफ्तार

बुंडू डीएसपी केवी रमन ने खुद मामले की जांच शुरू कर सोनाहातू थाना प्रभारी को तुरंत पूरे मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीतमोहन नायक, संबत नायक, मालती देवी, अक्षय नायक, अशोक नायक, गुलाब नायक, संतोष नायक, शीला देवी, प्रमिला देवी, सिमन्तन हजाम, मिसरिया पुराण(ओझा)को गिरफ्तार कर लिया।

 

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, जीत मोहन नायक के परिवार में एक महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा उसके कई जानवर भी अचानक काल के शिकार हो गए थे। उसका पूरा परिवार इन सबके लिए पीडि़त महिलाओं को जिम्मेदार मान रहा था। उन्हें लग रहा था कि दोनों मां बेटी कोई जादू-टोना जानती हैं और वही जादू-टोना करके उनके घर के सदस्यों और जानवरों को मार रही हैं।

 

हाइकोर्ट ने स्वत: लिया संज्ञान, सरकार से मांगी रिपोर्ट

गौरतलब हो कि पांच साल में राज्य में डायन बिसाही मामले में कितने केस दर्ज हुए और उनकी क्या रिपोर्ट है। मामले में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सरकार से जानकारी मांगी है। अदालत ने सरकार से कहा कि पिछले पांच साल में राज्य में कितनी घटनाएं हुईं। कितने मामले दर्ज किए गए हैं और कितने में आरोप पत्र दाखिल किया गया है। इसकी पूरी जानकारी शपथपत्र के जरिए दें। अदालत ने जिलावार आंकड़े प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।

 

बंधक बने बाप-बेटे को छुड़ाने गई पुलिस पर हमला

6 जून, 2017: गुमला जिला के सदर थाना क्षेत्र के चंडाली तेतरटोली में डायन-बिसाही मामले में बंधक बनाकर रखे पिता-पुत्र को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों ने लाठी डंडा व पत्थर से हमला कर दिया। डीएसपी के अंगरक्षक सहित अन्य कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, डीएसपी को भी चोट भी लगी थी।


मां-बेटी को पत्थर से कूचकर मार डाला

15 सितंबर, 2017: डायन-बिसाही मामले में घाटशिला के गुडाबांधा प्रखंड में मां-बेटी, की हत्या लाठी और पत्थर से कूच-कूच कर दी गई। हत्या के बाद मां बेटी के शव को गांव से सात किलो मीटर दूर धानतोपा पहाड़ से खाई में फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था।


दो बच्चों समेत तीन का मर्डर

7 अगस्त 2016: रांची के बुंडु इलाके में दो बच्चों समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया था। घटना दशम फॉल के समीप एक गांव में घटी थी।

 

Posted By: Inextlive