रांची: जन्मदाता ही यमराज बन जाये तो जिंदा रहकर भी क्या होगा। हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं से रिश्ते दहशत से भरते जा रहे हैं। रातू थानाक्षेत्र में रविवार की सुबह उस वक्त हंगामा हो गया जब लोगों को पता चला कि एक मां ने अपने 4 माह के बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार लिया है, लेकिन इस कांड ने पुलिस के भी रोंगटे खड़े कर दिए हैं। बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि रोज-रोज पति द्वारा लड़ाई-झगड़ा करने से तंग हो कर उसने बेटी को मार डाला। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। महिला ने पुलिस को पति से विवाद से परेशान हो बच्ची की हत्या की बात बताई।

क्या है घटना

रातू थाना क्षेत्र के हेहल लोहरा कोचा में रविवार सुबह एक घर से 4 माह की बच्ची का शव बरामद किया गया। हत्या का आरोप बच्ची की मां पर लगा है। महिला तनु देवी के पति मुखदेव लोहरा ने बताया कि मेरी पत्नी ने खुद अपने हाथों से रस्सी के सहारे मासूम बच्ची की जान ली है। उस वक्त घर पर सभी सोए हुए थे।

क्या कहा मृतका के पिता ने

मृतका के पिता ने कहा कि उसके तीन बच्चे थे। सबसे बड़ा बेटा 6 वर्ष व दूसरा बच्चा डेढ़ वर्ष का है। तनु का मायका मांडर के उचरी गांव में है और उसी ने बच्ची की हत्या कर दी है। दूसरी तरफ, महिला का कहना है कि उसका पति रोज शराब के नशे में उसके साथ झगड़ा करता था इसलिए उसने यह सोचा कि बेटी की हत्या के बाद अपनी भी जान दे देगी। पर तब तक बेटी की मौत के बारे में सभी को जानकारी हो गई।

केस-1

तीन बच्चों समेत खुद को भी किया आग के हवाले

9 जून 2020: गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के परसन ओपी स्थित पुरेख खुर्दगांव में एक मां ने अपने ही तीन बच्चों की हत्या कर खुद को आग लगा ली। परसन ओपी क्षेत्र के इस गांव में रवीन्द्र यादव की पत्नी सोनिया देवी ने अपने दो बच्चों को एक बक्से में बंद कर दिया और फिर आग लगा दी, जिससे की दोनों बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद अपने एक बेटे संग खुद को रजाई से ढक लिया और आग लगा ली। पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी मां-बेटे को राजधनवार सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने तीसरे बच्चे को भी मृत घोषित कर दिया।

केस-1

पति-पत्‍‌नी के झगड़े में बेटे को काट डाला

10 मई 2020: पूरी दुनिया में जब मदर्स डे मनाया जा रहा था। बच्चों को कहानियां बताई जा रही थी कि कैसे एक मां अपनी जान पर खेलकर भी अपने बच्चों की जिंदगी बचाती हैं। ठीक उसी दिन झारखंड में ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामना आया। एक कलयुगी मां ने अपने बेटे की हत्या कर दी। यह खौफनाक मामला जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला ने अपने पति से विवाद के दौरान अपने चार साल के बेटे को धारदार हथियार से गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं इस हमले में पति भी घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, पति लुकास गुडि़या और उसकी पत्नी सुषमा गुडि़या के बीच घरेलू विवाद हुआ जिसके बाद सुबह 5 बजे महिला ने उठकर अपने बेटे अमित की हत्या कर दी। जब बेटे को बचाने के लिए महिला का पति आया तो इस दौरान उसने युवक पर भी हमला कर दिया।

Posted By: Inextlive