RANCHI: राजधानी के साथ-साथ इसके आसपास के रहनेवाले लोगों को भी अब ऑनलाइन ऑर्डर पर उनके घर समान पहुंच जाएगा। इसके तहत घर राशन सहित सभी जरूरत के सामान पहुंच जाएंगे। इसके लिए रांची के 200 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी )का चयन किया गया है, जो लोगों को उनके घर तक सामानों की होम डिलीवरी करा रहे हैं। फ्लिपकार्ट, अमेजन जैसी बड़ी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों की तरह ग्रामीण ई-स्टोर एप डाउनलोड कर आप भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। रांची जिला सीएससी के मैनेजर चंदन कुमार सिंह ने बताया कि यह जिले में बहुत तेजी से बढ़ रहा है और लोग इस एप के माध्यम से सामानों की डिलीवरी करा रहे हैं। खासकर शहरों के आसपास के जो रूरल एरिया है वहां के लोगों के लिए यह सुविधा वरदान साबित हो रही है।

हर दिन आ रहे ऑर्डर

रांची के सीएससी के डिस्टिक कंसल्टेंट विक्रम कुमार वर्मा ने बताया कि सीएससी का (सीएससी ग्रामीण ई स्टोर एप ) लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। बहुत कम दिनों में ही हर दिन ऑर्डर की संख्या बढ़ रही है। फिलहाल 120 से 130 ऑर्डर हर दिन ऑनलाइन बुक हो रहे हैं और सीएससी के माध्यम से सामानों की डिलीवरी भी की जा रही है। अभी तक रांची जिले में 200 सीएससी सेंटर का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन हो गया है और इन सीएससी के माध्यम से लोगों तक ऑनलाइन सामानों की डिलीवरी भी की जा रही है। यह बिलकुल उसी तरह से काम करती है जैसे ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली बड़ी कंपनियां काम करती है। इसका काम करने का मॉड्यूल भी उन्हीं बड़ी कंपनियों की तरह है।

दाम देखकर कर सकते हैं ऑर्डर

विक्त्रम वर्मा बताते हैं इस एप पर जाने के बाद रांची के लोग अपनी जरूरत का सामान अपने नजदीक के सीएससी के माध्यम से ले सकते हैं। इस एप पर सामान का दाम लिखा होता है, उसी के आधार पर आप बुक करते हैं। यहां भी कैश ऑन डिलीवरी की सेवा उपलब्ध है। साथ ही कितने समय में पहुंचेगा, कितना पैसा डिलीवरी चार्ज लिया जाएगा यह सारी चीजें यहां उपलब्ध है। इन्हें देखकर ही लोग ऑर्डर करते हैं।

लोकल लोगों को मिलेगा मौका

रांची जिला सीएससी मैनेजर चंदन कुमार बताते हैं कि इस योजना के शुरू होने से शहरों के लोगों को तो लाभ मिल रहा है। शहर के लोगों के पास कई ऑप्शन हैं कि वह अलग अलग ऑनलाइन कंपनियों से सामानों की डिलीवरी कराते हैं। लेकिन शहर के आसपास के जो रूरल एरिया के लोग हैं उनके पास यह ऑप्शन बहुत कम है। उनके लिए यह सुविधा वरदान साबित हो रहा है। जो लोकल लोग हैं, किसान हैं और जिनके उत्पाद को सही दाम नहीं मिल पाता है, उनका इनरोलमेंट भी किसान ई-मार्ट के माध्यम से किया जा रहा है। उनके प्रोडक्ट का रजिस्ट्रेशन सीएससी के माध्यम से हो रहा है और उनके सामानों की डिलीवरी भी लोगों तक की जा रही है।

तरबूज का खूब किया ऑर्डर

सीएससी (सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर) के माध्यम से इस लॉकडाउन के दौरान रांची के लोगों ने ओरमांझी, चान्हो सहित कई इलाकों में उत्पादित तरबूज का खूब ऑर्डर किया। इससे किसानों को भी लाभ मिला। साथ ही जो लोग घर से नहीं निकल पा रहे थे उनको घर पर ही सामानों की डिलीवरी मिली। इसी तरह किसानों के कई प्रोडक्ट हैं, जिनका उन्हें उचित दाम मिल रहा है।

सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर इस लॉकडाउन के दौरान लोगों का खूब काम आया। बड़ी कंपनियां जिस तरह से ऑनलाइन सामानों को कस्टमर्स के घर तक पहुंचती हैं, उसी तरह सीएससी के माध्यम से भी शहर और इसके आसपास रहनेवाले रूरल एरिया के लोगों को ऑनलाइन सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।

चंदन कुमार सिंह, सीएससी मैनेजर, रांची

बड़ी कंपनियों का डिलीवरी करने का जो ऑनलाइन मॉड्यूल काम कर रहा है, उसी तरह से सीएससी भी ऑनलाइन डिलीवरी का काम कर रही है। रांची जिले में दो सौ से अधिक सीएससी सेंटर का चयन ऑनलाइन होम डिलीवरी करने के लिए किया गया है। हर दिन 120 से 130 आर्डर आ रहे हैं।

-विक्रम वर्मा, कंसलटेंट, सीएससी रांची

Posted By: Inextlive