रांची : झारखंड में कोरोना का संक्रमण खतरनाक ढंग से बढ़ रहा है। दैनिक मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एक दिन पूर्व गुरुवार को राज्य में 1,882 मामले मिलने के बाद शुक्रवार को भी विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में संक्रमित पाए गए हैं। इधर, रांची के प्रोजेक्ट भवन तथा नेपाल हाउस स्थित विभिन्न विभागों में अबतक 49 पदाधिकारी और कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। कई अन्य पदाधिकारी व कर्मी बीमार हैं जिनकी रिपोर्ट आनी है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि विभिन्न विभागों में सौ से अधिक पदाधिकारी, कर्मी संक्रमित हो सकते हैं।

जांच में मिल रहे पॉजिटिव

राजधानी रांची स्थित जिस कार्यालय में सामूहिक जांच हो रही है, वहां कोई न कोई संक्रमित मिल रहा है। यहां तक कि स्वास्थ्य विभाग में भी कई कर्मी संक्रमित हुए हैं। गृह विभाग, खाद्य आपूर्ति, राजस्व एवं भूमि सुधार, कार्मिक सहित कई अन्य विभागों में पदाधिकारी व कर्मी संक्रमित मिले हैं। इधर, रांची सदर अस्पताल के सात चिकित्सक तथा तीन कर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं। बता दें कि रांची में तीन दिनों तक लगातार 500 से अधिक मरीज मिलने के बाद शु्क्रवार को 858 नए संक्रमित मिले थे। यहां सौ लोगों की जांच में लगभग 16 एक दिन में संक्रमित पाए गए। पूरे राज्य की बात करें तो सौ में छह से अधिक मरीज संक्रमित पाए गए। राज्य में सक्रिय मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। फरवरी के प्रथम सप्ताह में सक्रिय मामले महज 428 थे जो अब बढ़कर 9249 हो गए हैं।

लगातार घट रही रिकवरी रेट

झारखंड में हाल के दिनों में लगातार संक्रमण बढ़ने से रिकवरी रेट लगातार घट रही है। वर्तमान में यह दर घटकर 92.16 हो गई है। एक समय यह दर लगभग 98 पहुंच गई थी।

Posted By: Inextlive