रांची: रांची में कोरोना संक्रमण के हालात बेहद गंभीर हो चुके हैं। आलम यह है कि झारखंड में कुल एक्टिव केसेज की संख्या का आधा केवल रांची में ही है। सरकारी तथा गैर सरकारी दफ्तर, कोर्ट, स्कूल-कॉलेज, हॉस्पिटल और यहां तक कि सचिवालय के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को रांची में एक बार फिर 754 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई। इसके साथ ही रांची में एक्टिव केसेज की संख्या 5216 हो गई है।

पूरे राज्य में तेजी से फैला कोरोना

कोरोना के दूसरे वेव ने अप्रैल में विकराल रूप धारण कर लिया है। इस महीने की शुरुआत में यानी पहली अप्रैल को राज्य भर में जहां कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 2825 थी, वहीं 9 अप्रैल की रात यह आंकड़ा 10604 तक पहुंच गया। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को राज्य के सात जिलों में 17 लोगों की मौत हुई। अकेले रांची में 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

केवल चार राज्यों में ऐसी स्थिति

झारखंड में अभी जैसे हालात हैं, वैसे हालात केवल अन्य चार राज्यों में है। एक्टिव केसेज के रेशियो के मामले में झारखंड देश भर में पांचवें नंबर पर है। झारखंड में अबतक आए 100 मामले में सात वर्तमान में संक्रमित हैं। देश में सिर्फ चार राज्यों में यह अनुपात झारखंड से अधिक है। इनमें महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब तथा मध्य प्रदेश शामिल हैं। इन राज्यों के बाद सबसे अधिक एक्टिव रेशियो झारखंड का हो गया है। महाराष्ट्र तथा छत्तीसगढ़ में यह रेशियो वर्तमान में लगभग 16 है, जबकि पंजाब में 10 तथा मध्य प्रदेश में 8.7 है।

कहां से मिले कितने मरीज

राज्य भर में शुक्रवार को 1925 संक्रमितों की पहचान हुई। राज्य का कोई जिला ऐसा नहीं जहां से नए संक्रमित न मिले हैं। चौबीस घंटे के भीतर बोकारो में 61, चतरा में 19, देवघर में 52, धनबाद में 94, दुमका में 70, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में 256, गढ़वा में 28, गिरिडीह में 12, गोड्डा में 25, गुमला में 37, हजारीबाग में 36, जामताड़ा में 55, खूंटी में 61, कोडरमा में 65, लातेहार में 26, लोहरदगा में 25, पाकुड़ में 26, पलामू में 33, रामगढ़ में 64, रांची में 754, साहिबगंज में 49, सरायकेला में 13, सिमडेगा में 15 तथा पश्चिमी सिंहभूम में 49 नए संक्रमितों की पहचान हुई।

533 हुए रिकवर

नए संक्रमितों के मिलने और पुराने मरीजों के रिकवर होने की संख्या में भी बड़ा अंतर है। शुक्रवार को जहां दो हजार के करीब नए संक्रमित पाए गए, वहीं राज्य भर से 553 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी। सबसे ज्यादा रांची में ही 250 लोग संक्रमण से मुक्त हुए। इसके अलावा जमशेदपुर में 72 लोग संक्रमण से मुक्त हुए। दूसरी ओर, राज्य में 17 लोगों की मौत हुई। मृतकों में चतरा, गुमला, पलामू और साहिबगंज के 1-1, धनबाद के 02, जमशेदपुर के 03, और रांची के 8 लोग शामिल हैं।

Posted By: Inextlive