रांची: राज्य भर में जहां एक ओर कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, वहीं संक्रमण से मुक्त होने वालों का रेशियो घट रहा है। यह चिंताजनक तस्वीर केवल दस दिनों में बदली है। 11 अप्रैल को जहां संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या कुल संक्रमितों के की तुलना में 89.13 परसेंट थी, वहीं 20 अप्रैल को यह आंकड़ा 79.84 परसेंट पर पहुंच गया है। यानी, 10 दिनों पहले जहां प्रति 100 मरीज में से 89 से ज्यादा ठीक हो रहे थे, वहीं अब यह संख्या 79 रह गई है।

हफ्ते भर में बढ़ सकते हैं मरीज

इन्फेक्शन के फैलने का रफ्तार अगर मौजूदा ट्रेंड के अनुसार ही जारी रहा, तो एक हफ्ते में राज्य भर में कुल एक्टिव केसेज की संख्या 45 हजार से अधिक हो जाएगी। अभी राज्य भर में एक्टिव केसेज की संख्या 32 हजार से ज्यादा है। अभी स्थिति यह है कि राज्य में हर 100 मामले में 18 वर्तमान में संक्रमित हैं। 16 अप्रैल को इतने मामले में 15 ही संक्रमित पाए जा रहे थे। अकेले रांची में ही 12375 एक्टिव केसेज हैं। दस दिन पहले रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या 6700 के आसपास थी।

रोजाना दो हजार एक्टिव केसेज

राज्य में वर्तमान में संक्रमण की औसत वृद्धि दर 2.10 फीसद है। वर्तमान में नए संक्रमित मिलने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन औसतन दो हजार नए मरीज जुड़ रहे हैं।

रांची में 1703 नए संक्रमितों की पहचान

मंगलवार को रांची में एक बार फिर सबसे ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई। कुल 1703 नए संक्रमित पाए गए। यह इस साल एक दिन में मिले सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या है। इसके साथ ही रांची में कुल एक्टिव केसेज की संख्या 12379 हो गई है। इस बीच रांची में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। जिले में पिछले साल 31 मार्च से लेकर अब तक 53833 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। इसमें 41079 स्वस्थ हो चुके हैं। दूसरी ओर, कोविड से अब तक 396 लोगों की मौत हुई है।

Posted By: Inextlive