हथियार दिखा कर मुहल्ले में बना रहे भय का माहौल मांग रहे रंगदारी. सदर सुखदेवनगर पिठोरिया समेत कई थाना क्षेत्रों में गली के गुंडों का आतंक.

रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची में गली के गुंडों का टेरर कुछ इस कदर बढ़ गया है कि आम लोग खौफ के साये में जीने को विवश हैं। जी हां, अलग-अलग मुहल्लों में आये दिन मारपीट, फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। नशा करने वाले टीनएज के लड़के अपने साथियों के साथ मनमानी कर रहे हैं और विरोध करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। वहीं, पुलिस कार्रवाई का आलम यह है कि आम लोग ऐसे गुंडों से लगना भी नहीं चाह रहे हैं, जिसका फायदा उठाकर ऐसे गुंडे एक के बाद एक क्राइम को अंजाम देते जा रहे हैं। हाल के दिनों में सदर थाना क्षेत्र स्थित गौस नगर गढ़ाटोली, सुखदेव नगर किशोर गंज और पिठोरिया थाना क्षेत्र समेत कई अलग-अलग इलाकों में मारपीट की खबरें आती रही हैं। हवाई फायरिंग कर अपराधी मुहल्लेवालों के बीच भय का माहौल बना रहे हैं। दूसरी ओर पुलिस की कार्रवाई का आलम यह है कि अपराधियों पर लगाम कसने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में सिटी के लोगों का पुलिस से भरोसा उठता जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर आम लोग खौफ के साये में जीने को विवश है। राजधानी में जब यह हाल है तो दूसरे जिलों के बारे में क्या कहना। सीएम से लेकर डीजीपी तक सभी तो यहीं रहते हैं फिर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है। गली के गुंडों पर पुलिस लगाम क्यों नहीं कस पा रही है? ऐसे कई सवाल उठने लगे हैं।
कौन है फिरोज, मचा रखा है आतंक
गौस नगर में फिरोज नामक अपराधी लगातार लोगों को परेशान कर रहा है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि हवाई फायरिंग करके वह लोगों के बीच भय का माहौल बनाता है और रंगदारी मांगता है। रंगदारी नहीं देने वालों के साथ मारपीट और गाली गलौज भी करता है। कुछ दिन पहले ही गौस नगर के ही रहने वाले अनवर नामक युवक को फिरोज ने बुरी तरह मारकर घायल कर दिया। परिजन न्याय की आस में बार बार थाना और एसपी ऑफिस का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन फिरोज अब तक पकड़ा नहीं गया। इधर मुहल्ले के लोगों ने भी एसपी से फिरोज की शिकायत की है। घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीडि़त और उनके परिजन परेशान हैं।

केस 1
रंगदारी को लेकर हुई थी मारपीट, आरोपी फरार
17 दिसंबर को सदर थाना क्षेत्र के गौशनगर गढ़ा टोली में रंगदारी, जमीन पर कब्जा करने को लेकर फिरोज और उसके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया था। इस मारपीट में अनवर नामक एक युवक बुरी तरह घायल हो गया था। जिसे आनन फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया था। हॉस्पिटल से उसे डिस्चार्ज तो कर दिया गया है, लेकिन पुलिस के अनुसार उसकी हालत बहुत अच्छी नहीं है। अनवर के साथ हुई मारपीट के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने सिटी एसपी को लिखित शिकायत की थी, जिसमे फिरोज और उसके साथियों पर हर घर से रंगदारी, अवैध जमीन कब्जा, मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इसके बावजूद अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

केस 2
सुखदेवनगर में मारपीट का आरोपी भी नहीं धराया
नए साल के शुरुआत में सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के आयुष राज के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें आयुष बुरी तरह से घायल हो गया। साथ ही गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। इलाज के लिए आयुष को मेडिका में भर्ती कराया गया। आयुष राज के परिजन राजन चौधरी ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। लेकिन घटना के 15 दिन बाद भी न तो मामले का खुलासा हुआ और न ही अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। मारपीट का आरोपी विकास अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है।


केस 3
पिठोरिया में लाठी-फरसा से हमला
रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के पिरुटोला में सड़क पर मिट्टी डालने को लेकर लोग आपस में भिड़़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इसमें विरोध कर रहे लोगों ने दो युवकों पर लाठी व फरसे से जानलेवा हमला कर दिया था। इसमें अबू सुफियान नामक युवक को सिर में गंभीर चोट आई, जबकी जाहिद अंसारी की आंख में चोट लगने से वह घायल हो गया। मामले में करीब आधा दर्जन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

क्या कहती है पब्लिक
मुहल्ले में पुलिस पट्रोलिंग भी सख्ती से नहीं करती है। लोफर लड़के अड्डेबाजी करते हैं। पुलिस को कठोर एक्शन लेते हुए अड्डेबाजी बंद करानी चाहिए। अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें जेल में डाल देना चाहिए।
-पवन, खादगढ़ा

घटना के कई दिन बाद तक अपराधी पकडे नहीं गए। ऐसे में लोगों का भरोसा पुलिस से उठ जाएगा। कुछ अपराधी छवि वाले लोग मुहल्लेवासियों को परेशान कर रहे हैं। लेकिन पुलिस कोई सख्त कदम नहीं उठा रही है।
- बबलू चौधरी, विद्यानगर

Posted By: Inextlive