रांची: दीपिका कुमारी ने बुधवार को अपेक्षानुरूप प्रदर्शन करते हुए ओलिंपिक की तीरंदाजी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर में जगह बनाकर पदक की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। महिला रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग के पहले दौर में भूटान की कर्मा को 6-0 से हराया, लेकिन 24वीं वरीयता प्राप्त अमेरिकी जेनिफर मुसिनो फर्नांडिस से उन्हें कड़ी चुनौती मिली। दीपिका ने यह मैच 6-4 से जीता। दीपिका का यह ओलिंपिक के व्यक्तिगत स्पर्धा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

देनी होगी रूस-कोरिया को मात

दीपिका के प्रदर्शन को देखते हुए ओलिंपिक में उनसे पदक की उम्मीद की जा रही है। हालांकि पदक हासिल करने के लिए उन्हें रूस व कोरिया के तीरंदाजों को पटखनी देनी होगी। लंदन व रियो ओलिंपिक में दीपिका अंतिम 16 तक नहीं पहुंची थी।

अगला मुकाबला शुक्रवार को

दीपिका का अगला मुकाबला शुक्रवार को होगा। उधर, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव पुरुष वर्ग में दूसरे दौर से आगे बढ़ने में नाकाम रहे। तीरंदाजी में अभी तक भारत के किसी भी तीरंदाज ने ओलिंपिक में पदक नहीं जीता है। पिछले महीने पेरिस में हुए विश्व कप के तीसरे चरण में दीपिका कुमारी ने तीन स्वर्ण जीतकर उम्मीद जगा दी है। इससे पहले मिश्रित युगल में दीपिका व प्रवीण जाधव की जोड़ी कोई करिश्मा नहीं दिखा पाई थी। अब सबकी नजरें दीपिका पर ही टिकी हैं।

घर पर खुशी का माहौल

टोक्यो ओलिंपिक में बुधवार को दोपहर में हुए मैच में दीपिका की जीत के बाद उसकी बहन विद्या काफी खुश नजर आई। विद्या ने कहा कि दीदी जब भी आना गोल्ड लेकर ही आना। मां गीता देवी ड्यूटी पर गई हुई थीं। वहीं, पिता शिवनारायण प्रजापति अपनी गायों को खटाल में चारा देने गए थे। फोन पर शिवनारायण प्रजापति ने कहा कि जीत किसे नहीं अच्छी लगती है। पर, मिक्सड डब्लस में हार के बाद हम मायूस थे, लेकिन हम लोगों को पूरा विश्वास था कि सिंगल्स में दीपिका फिर जीत हासिल करेगी। वह हमारे विश्वास पर खरी उतरी। आज के प्रदर्शन से हमें उम्मीद है कि बेटी गोल्ड लेकर जरूर आएगी।

रातू के लोगों में खुशी की लहर

दीपिका की जीत पर रातूवासियों में खुशी की लहर है। दीपिका जिस स्कूल में पढ़ती थी उस स्कूल के प्राचार्य मुकेश सिंह ने कहा कि गांव की प्रतिभा जापान जैसे देश में ओलिंपिक खेल रही है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। हमें उम्मीद है कि दीपिका गोल्ड पर निशाना जरूर लगाएगी।

सुबह से ही था उत्साह

दीपिका का मैच बुधवार को दोपहर बाद था। पर, मैच को लेकर सुबह से ही लोगों में उत्साह का माहौल था। लोग एक-दूसरे से पूछते नजर आए कि दीपिका का मैच कब से है। मैच शुरू होने के बाद लोग अपने-अपने टीवी सेट के पास जमा हो गए। दीपिका के जीतने के बाद लोगों में काफी खुशी देखी गई। रातूवासियों ने उम्मीद जताई कि दीपिका मिक्सड डबल में हुई हार की भरपाई सिंग्लस में गोल्ड जीतकर करेगी।

Posted By: Inextlive