रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उर्फ माही अपने फार्म हाउस में ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं। इनके कृषि फार्म के उत्पाद की बाजार में डिमांड भी बढ़ी है। यहां टमाटर, ब्रोकली, मटर, गाजर व स्ट्रॉबेरी आदि बाजार में काफी बिक रहे हैं। धोनी के फॉर्म हाउस का दूध भी बिक रहा है। वहीं कृषि में धोनी के बढ़ते रूझान को देखते हुए झारखंड सरकार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। दरअसल, झारखंड सरकार टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कृषि का ब्रांड अंबेसडर बनाने की तैयारी कर रही है। कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री और अधिकारियों ने विचार कर यह फैसला लिया है। हालांकि, महेंद्र सिंह धोनी को अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। धोनी अगर राज्य सरकार के इस फैसले को हरी झंडी दिखाते हैं तो वह झारखंड में एग्रीकल्चर के ब्रांड अंबेसडर होंगे।

दिया गया प्रपोजल

राज्य कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के बाद कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि देश का नाम दुनिया भर में रौशन करने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कृषि, पशुपालन और कुक्कुट पालन में कदम बढ़ाकर कृषि जगत को भी गौरवान्वित किया है। इसलिए कृषि विभाग ने फैसला लिया है कि वह महेंद्र सिंह धोनी को विभाग का ब्रांड अंबेसडर बनाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारी समय मिलते ही धोनी से मुलाकात कर उन्हें विभाग का ब्रांड अंबेसडर बनने का आग्रह करेंगे।

आईपीएल में धोनी पर निगाहें

इधर, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन 14 की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। सभी की नजरें अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी पर भी टिकी होंगी कि पिछले सत्र में अपनी टीम के पहली बार प्ले आफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद वे किस रणनीति के साथ उतरते हैं।

Posted By: Inextlive