रांची में लगातार मिल रहीं लाशें अधिकतर मामले अनसुलझे. अरगोड़ा में भी कुएं से मिली थी लाश नहीं मिला कातिल. बड़ा तालाब से युवती की लाश मिलने से सनसनी.

रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची में डेड बॉडीज मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आए दिन किसी ने किसी इलाके से शव बरामद हो ही रहे हैं। कभी महिला तो कभी पुरुष की डेड बॉडी रांची के विभिन्न स्थानों से मिल रही हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस के अगले ही दिन यानी गुरुवार को सिटी के बीचोबीच स्थित बड़ा तालाब से युवती की डेड बॉडी बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह तालाब में बॉडी तैरती दिखी, जिसके बाद प्रशासन की मदद से बॉडी बाहर निकाली गई। रांची के बड़ा तालाब में लड़की की डेड बॉडी मिलने से शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक दिन पहले ही स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाने यहां सांसद से लेकर कई नेता और युवक-युवतियां पहुंचे थे। ऐसे में इस तालाब से डेड बॉडी निकलने पर कई सवाल उठ रहे हैं। अभी अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कुएं से बरामद युवती की बॉडी का मामला सुलझा भी नहीं कि पुलिस के सामने दूसरी चुनौती आ गई। बड़ा तालाब से बरामद लड़की की तस्वीर कोतवाली थाना सभी थानों में भिजवा दी है, ताकि गुमशुदगी के आधार पर लड़की की पहचान हो सके।
लगातार मिल रहीं लाशें
रांची में बीते एक महीने में मांडर, नामकुम, अरगोड़ा और अब कोतवाली थाना क्षेत्र से डेड बॉडी बरामद हुई है। ये सभी डेड बॉडीज लड़कियों की हैं। सभी मामले अब भी अनसुलझे हैं। पुलिस इन्हें सुलझाने का प्रयास कर रही है। जब तक पुलिस किसी एक मामले के करीब पहुंचती है तब तक दूसरा हादसा हो जाता है। कुछ दिन पहले ही नामकुम की रहने वाली मेडिका अस्पताल की एचआर डिपार्टमेंट में काम करने वाली शीतल लखानी और उसकी छोटी बहन मान्या लखानी की डेड बॉडी अपने ही घर में संदिग्ध अवस्था मिली थी। यह केस भी अबतक अनसुलझा ही है। इसके बाद अरगोड़ा थाना क्षेत्र की एक बस्ती से एक लड़की का शव पास के ही कुएं से बरामद हुआ। हत्या का आरोपी खुद से पुलिस के पास जाकर सरेंडर करता है। फिर भी यह केस अबतक सुलझा नहीं है। इस माह बीते चार जनवरी को अरगोड़ा क्षेत्र से ही एक पुलिस कर्मी की पत्नी के आत्महत्या करने का मामला सामने आ चुका है। इस तरह केस पर केस बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन पुलिस न तो केस सुलझा पा रही है और न ही कातिलों की गिरफ्तारी हो पा रही है।
पुरुष की भी मिल रही है डेड बॉडी
नए साल में अभी सिर्फ १४ दिन गुजरे हैं और महज इतने ही दिनों में एक दर्जन से ज्यादा डेड बॉडीज जहां-तहां मिल चुकी हैं। इनमें आठ डेड बॉडीज लड़कों की है। सभी के मरने के पीछे अलग-अलग कारण बताया गया है। रांची के अलग-अलग इलाकों से लड़के और लड़कियों का शव मिला है। अधिकतर मामले अब भी अनसुलझे हुए हैं। नए साल की शुरुआत में ही तीन जनवरी को नगड़ी से राजेश तिर्की का शव बरामद हुआ। इसके बाद अरगोड़ा, पिठोरिया, धुर्वा से शव बरामद हुए। इनमें कुछ जैसे राजेश तिर्की, शमीम अंसारी, लालबाबू के मामले को आत्महत्या बताकर फाइल बंद कर दी गई। वहीं बीते दस जनवरी को डकरा में संदेहास्पद परिस्थिति में राहुल चौहान का शव मिला। पुलिस इसे भी आत्महत्या बताने पर तुली हुई है।
कब-कब हुए मामले
१३ जनवरी: कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब से २५ वर्षीया अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस कर रही है छानबीन

१२ जनवरी: अरगोड़ा रेलवे ट्रैक के पास से बिट्टू खान नामक व्यक्ति का शव बरामद किया गया।

१० जनवरी : डकरा से अपने ही घर पर संदेहास्पद स्थिति में राहुल चौहान का शव बरामद।

९ जनवरी : हटिया डैम से एक व्यक्ति का शव बरामद। उसकी पहचान एचईसी में कार्यरत लालबाबू के रूप में की गई।

६ जनवरी : धुर्वा थाना क्षेत्र रिंग रोड से पवन तिर्की का शव बरामद, पुलिस अबतक मामले को सुलझा नहीं पाई।

३ जनवरी : नगड़ी थाना क्षेत्र से युवक राजेश तिर्की का शव बरामद

२ जनवरी : पिठोरिया से लापता शमीम अंसारी का शव पास के ही कुएं से बरामद। पुलिस बता रही आत्महत्या।

सभी मामलों की पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है। सबूत के आधार पर पुलिस अपना काम करती है। जो भी घटनाएं हुई हैं उसकी जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
एसके झा, सीनियर एसपी, रांची

Posted By: Inextlive