--

- राज्य भर में 542 नए संक्रमितों की हुई पहचान

- 605 हुए स्वस्थ, छह जिलों में 7 ने तोड़ा दम

राज्य भर में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। वहीं संक्रमित तेजी से स्वस्थ भी हो रहे हैं। पिछले सात महीनों में राज्य भर के 90 हजार 385 मरीजों ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से घर वापसी की है। इसमें बड़ी संख्या में वैसे लोग भी शामिल हैं, जो होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे थे। झारखंड में 31 मार्च से लेकर अब तक 97 हजार 414 संक्रमितों की पहचान हो चुकी है। 90 हजार से ज्यादा के रिकवर होने और 849 की मौत के बाद अब सूबे में 6180 एक्टिव केसेज बचे हैं।

सर्वाधिक मरीज रांची के

अब तक मिले संक्रमितों में से सबसे ज्यादा रांची जिले के हैं। रांची में अब तक लगभग 24 हजार 500 संक्रमित मिले हैं। हालांकि, 22 हजार से ज्यादा संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। इस प्रकार अब रांची में 2087 सक्रिय मरीज बचे हैं। इनका विभिन्न अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। मंगलवार को राज्य भर में 605 मरीज स्वस्थ भी हुए। रांची में स्वस्थ होने वालों की संख्या 275 रही।

कहां से मिले कितने मरीज

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 542 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 196, बोकारो से 42, चतरा से 2, देवघर से 8, धनबाद से 69, दुमका से 3, पूर्वी सिंहभूम से 21, गढ़वा से 6, गिरिडीह से 2, गोड्डा से 4, गुमला से 15, हजारीबाग से 6, जामताड़ा से 3, खूंटी से 8, कोडरमा से 5, लातेहार से 3, लोहरदगा से 5, पाकुड़ से 3, पलामू से 47, रामगढ़ से 15, साहिबगंज से 12, सरायकेला से 17, सिमडेगा से 6, पश्चिमी सिंहभूम से 44 नए मरीजों की पहचान हुई।

सात की इलाज के दौरान मौत

राज्य के छह जिलों में मंगलवार को इलाज के दौरान 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रांची में दो लोगों की मौत हुई, जबकि बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, खूंटी और सरायकेला के 1-1 मरीज की मौत हुई। राज्य में अब तक कोरोना से 849 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे ज्यादा संख्या जमशेदपुर की है, जहां 325 मरीजों की मौत हुई है। वहीं रांची में अब तक 162 लोगों की जान चली गई है।

Posted By: Inextlive