Happy New Year 2021: साल 2020 में रांचीवासियों के कई अरमान पूरे हुए तो कई ख्‍वाब अधूरे ही रह गए बहरहाल आने वाले साल से उम्‍मीदें हैं कि शहर में काफी कुछ नया देखने को मिलेगा।

रांची (ब्‍यूरो)। राजधानी रांची में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को लेकर तेजी से काम चल रहे हैं। ऐसे कई प्रोजेक्ट्स हैं, जिनपर 2021 में काम पूरा होने की संभावना है। रांची में अगले साल ऐसे कई आलीशान भवन बनकर तैयार होंगे, जो सिटी को एक नया लुक देंगे। अभी रांची नगर निगम की बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। इसका उद्घाटन भी हुआ है। इसके अलावा 2020 में जुपमी बिल्डिंग और कमांड-कंट्रोल सेंटर भी बनकर तैयार हुआ है। इन भवनों की भव्यता ने रांची को एक आधुनिक शहर की दौड़ में आगे ला खड़ा किया है। अब कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स भी पूरे होने वाले हैं, जिनसे सिटी के इमेज को और मजबूती मिलेगी।

50 एकड़ में बनेगा फार्मा पार्क

राजधानी रांची के बिजूपाड़ा में फार्मास्यूटिकल पार्क बनने वाला है। इसका शिलान्यास हो चुका है। इसे जुडको तैयार करेगा। इसके लिए 50 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। इस पार्क में विभिन्न कंपनियों की दवा निर्माण इकाई स्थापित होगी। झारखंड में दवा का कारोबार करीब 1300 करोड़ रुपए का है। इसमें हर साल 18 फीसदी की वृद्धि भी होती है। फार्मा पार्क में फार्मास्यूटिकल कंपनियों के लिए प्लॉट आवंटित किये जायेंगे। इसमें माइक्रो के लिए 29, स्मॉल के लिए 14, मीडियम के लिए सात और लार्ज कंपनी के लिए चार प्लॉट चिह्नित किये गये हैं.साथ ही फार्मा पार्क में सड़क, बैंक, पोस्टऑफिस, प्रशासनिक भवन, कैंटिन, क्रेच की व्यवस्था भी होगी। 1.59 एकड़ में ओपन स्पेस छोड़ा गया है। फार्मा पार्क में जहां दवा बनाने, रिसर्च करने, नयी दवा की खोज करने, क्लिनिकल डाटा मैनेजमेंट की व्यवस्था भी होगी।

मंत्रियों के लिए बनेगा आलीशान बंगला

नए साल में राज्य के 12 कैबिनेट मंत्रियों के लिए स्मार्ट सिटी कैंपस में आलीशान बंगला बनाया जाएगा। रांची में कैबिनेट मंत्रियों के लिए एचईसी स्थित स्मार्ट सिटी क्षेत्र में आवासीय बंगले बनने जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्रियों के लिए 12 बंगले 6.97 एकड़ में बनेंगे। बंगलों और परिसर का प्रारूप तैयार करने के लिए डिजायन और परामर्शी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बंगला और संपूर्ण परिसर के निर्माण में पर्यावरण और हरियाली का पूरा प्रावधान रखा गया है। परिसर में पार्क और पौधारोपण के अलावा अलग-अलग हर बंगले में एक पार्क और लैंड स्केपिंग का प्रावधान रखा जा रहा है। सभी बंगले डुपलेक्स के प्रारूप पर बनाए जाएंगे। प्रत्येक बंगला औसतन 5000 से 6000 स्क्वायर फीट में बनेगा। हर बंगले में मीटिंग हाल, आंगतुक कक्ष, कोर्टयार्ड-डायनिंग स्पेश, कम से कम चार बेडरूम रहेंगे, जिसमें एक मास्टरबेड रूम शामिल होगा।

डेढ़ लाख लोगों के लिए आशियाना

रांची के स्मार्ट सिटी में डेढ़ लाख लोगों के लिए आशियाना बनाया जाएगा। 2021 में इसके लिए जमीन ई ऑक्शन के माध्यम से नीलामी शुरू की जाएगी। यहां करीब 52 प्लॉट ई नीलामी से डेवलप कर डेवलपर को जमीन दी जाएगी। डेवलपर यहां डेढ़ लाख लोगों के लिए हाईटेक सोसाइटी तैयार करेंगे। स्मार्ट सिटी के 86.5 एकड़ भूमि पर आवासीय परिसर बनाया जाएगा। यहां बनाई जा रहीं सड़कें 40 मीटर चौड़ी होंगी। स्मार्ट सिटी का मैप, आधुनिक कंट्रोल रूम और राजधानी रांची का कमांड सेंटर तैयार कर लिया गया है। आवासीय परिसर में कमर्शियल ऑफिस, फाइव स्टार होटल, रिटेल मॉल, कमर्शियल टावर, लोकल शॉपिंग सेंटर आदि का निर्माण पीपीपी मोड पर कराया जाएगा। यहां 15 हजार आवास बनाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के लिए हटिया डैम में अलग से आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है।

अभी मिल चुकी हैं ये सौगात

रांची नगर निगम का खूबसूरत भवन

पूर्वी भारत का सबसे सुंदर, आधुनिक और बड़ा रांची नगर निगम का नया भवन इस साल मिला। आधुनिक सुविधाओं से लैस रांची नगर निगम के आठ तल्ले वाले इस भवन में सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

जुपमी भवन है शहर की शान

झारखंड में अर्बन प्लानिंग मैनेजमेंट की शिक्षा के लिए रांची के धुर्वा में झारखंड अर्बन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुपमी) का भव्य भवन शहर की शान है। यह भवन एचईसी परिसर के स्मार्ट सिटी क्षे़त्र में 7.5 एकड़ भूमि पर 110 करोड़ रुपये की लागत से बना है।

कमांड कंट्रोल सेंटर हुआ तैयार

कमांड कंट्रोल एवं कम्युनिकेशन सेंटर बनकर तैयार हो चुका है। इसके माध्यम से पूरे शहर को कंट्रोल किया जाएगा। राजधानी की नौ नागरिक सेवाओं का नियंत्रण होगा। इसके निर्माण में 165 करोड़ की लागत आई है। यहां 24 घंटे कॉल सेंटर काम करता रहेगा।

Posted By: Inextlive