RANCHI: इस सावन अगर आप भगवान शिव को पवित्र गंगाजल से स्नान कराना चाहते हैं तो रांची जीपीओ व डोरंडा डाकघर है ना। जी हां, सावन शुरू होने के साथ ही रांची के डाकघर में 300 डब्बा गंगाजल की पहली खेप पहुंच चुकी है। जल्द ही यह रांची के बाकी पोस्ट ऑफिस में मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं, पूरे स्टेट के डाकघरों में भी पवित्र गंगाजल उपलब्ध होगा।

30 रुपए में 300 एमएल

अगर शिव पर जल चढ़ाने के लिए आप गंगाजल खरीदना चाहते हैं तो डाकघर में जाकर 30 रुपए में खरीद सकते हैं। डाकघर में 300 एमएल गंगाजल की बोतल 30 रुपए में मिल रही है। जबकि बाजार में अलग-अलग रेट पर गंगाजल मिल रहा है।

300 डब्बे की पहली खेप पहुंची रांची

सावन के महीने में गंगाजल की डिमांड सबसे अधिक होती है। पहली खेप में 300 डब्बा गंगाजल रांची पहुंच चुका है। रांची के अलावा दुमका, धनबाद, चाईबासा, गुमला, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, जमशेदपुर सहित राज्य के 13 डाकघरों में यह उपलब्ध कराया गया है। इस सावन महीने में डाकघरों में गंगाजल की कमी होने नहीं दी जाएगी। पहली खेप आ चुकी है अब दूसरी खेप भी जल्द ही लोगों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले भी हुई थी शुरुआत

डाकघर से गंगाजल बेचने की योजना सरकार ने पहले भी शुरू की थी। रांची के कई डाकघरों में कुछ दिन तक गंगाजल मिला भी लेकिन बाद में यह सुविधा बंद हो गई। हालांकि, सावन महीने में फिर से इसे शुरू किया गया है और शहर के डाकघरों में इसे बेचा जा रहा है।

वर्जन

इस सावन महीने में भक्तों को गंगाजल की दिक्कत ना हो, इसके लिए डाकघर में इसकी ब्रिकी की जा रही है। पिछले शुक्रवार को ही रांची में 300 डब्बे की पहली खेप पहुंच चुकी है। लोगों को दिक्कत ना हो इसके लिए और गंगाजल मंगाने का प्रॉसेस चल रहा है।

-संतोष कुमार गुप्ता, पोस्ट मास्टर, रांची जीपीओ

Posted By: Inextlive