रांची: राजधानी समेत पूरे राज्य में गांजा की तस्करी पर लगाम लगा पाना पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है। ओडि़शा का गांजा झारखंड के कई शहरों से होते हुए बिहार, यूपी के शहरों में पहुंच रहा है। एनसीबी और रांची पुलिस की टीम ने रांची के नामकुम से करीब 54 लाख का गांजा पकड़ा था। इसमें कुल 140 किलो गांजा बरामद किया गया था। इस तस्करी के तार भी ओडि़शा के कोरापुट से जुड़े हुए हैं। शहर को तस्करी के लिए एक कॉरिडोर की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।

कई राज्यों में हो रही तस्करी

जानकारी के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग, धनबाद, रांची, जमशेदपुर और बिहार के कई शहर जैसे पटना, गया, औरंगाबाद समेत यूपी के कई शहरों में ओडि़शा के कोरापुट से गांजे की तस्करी हो रही है। सिर्फ रांची की बात करें तो यहां एक साल के दौरान ओडि़शा से पहुंचा करीब एक करोड़ रुपए का गांजा पकड़ा गया है।

तस्करी के तरीके अनेक

गांजा तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए समय-समय पर तस्करी का तरीका बदलते रहते हैं। 18 अगस्त को रांची के नामकुम में पकड़ा गया गांजा पिकअप वैन में प्लास्टिक में पैक था और उसे छिपाने के लिए ऊपर से केले के पत्ते डाल दिए गये थे, ताकि देखने वाले यह समझें कि गाड़ी में केला लाया जा रहा। अगर सूचना नहीं हो तो ऐसे वाहनों को पकड़ना काफी मुश्किल है। वहीं नारियल की भूसी के अंदर भी गांजे को छिपाकर तस्करी की जाती है। गांजे को एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने वालों को तस्करों द्वारा सिर्फ संबंधित व्यक्ति का फोन नंबर दिया जाता है। इसके अलावा उनके पास कोई अन्य जानकारी नहीं होती है। डिशा से झारखंड में प्रवेश करने के बाद और फिर झारखंड सीमा से निकलने पर उन्हें शहर के बारे में बताया जाता है।

हाल के महीने में पकड़ी गई गांजे की खेप

नामकुम: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रांची की टीम ने 140 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। जब्त गांजे की कीमत करीब 56 लाख रुपये आंकी गयी थी। नामकुम के रामपुर रिंग रोड से गांजा जब्त किया गया था।

सरायकेला: एसपी मोहम्मद अर्शी के निर्देश पर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली थी। पुलिस ने अन्तर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के एक सदस्य को 1.86 क्विंटल गांजा के साथ गिरफ्तार किया था।

नामकुम: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने रांची के नामकुम से गांजा के साथ नौ लोगों को दबोचा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 225 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।

हजारीबाग: बरही पुलिस ने 130 किलो गांजा के साथ दो युवक व एक महिला को पकड़ा था।

हजारीबाग: कोरापुट से 164 किलो गांजा हजारीबाग लाया जा रहा था। गांजे के साथ दो लोग गिरफ्तार हुए थे।

Posted By: Inextlive