रांची: रांची में गैस पाइपलाइन का काम बंद हो गया है। आलम ये है कि यह योजना अधर में चली गई है। दरअसल, पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे गेल इंडिया को झारखंड बिजली वितरण निगम ने स्पष्ट कहा है कि पहले एक करोड़ 32 लाख रुपए दो, उसके बाद काम शुरू करो। जेबीवीएनएल ने अपनी अंडर वायर केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण गेल इंडिया से इसकी क्षतिपूर्ति का पैसा मांगा है। मामला तुपुदाना इलाके का है। गेल इंडिया द्वारा बिरसा चौक से तुपुदाना तक स्टील पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान ही कंपनी द्वारा बिजली वितरण निगम के केबल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इसके बदले में जेबीवीएनएल गेल इंडिया से पैसा मांग रहा है।

क्या है पूरा मामला

गेल इंडिया द्वारा बिरसा चौक से तुपुदाना तक पाइप लाइन बिछाने के लिए दिल्ली की कंपनी टोरेंट प्राइवेट लिमिटेड को काम दिया गया है। इस कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसी दौरान बिजली वितरण निगम का 11000 वोल्ट का अंडर वायरिंग तार कई जगह से कट गया। इसके बदले में वितरण निगम ने टोरेंट कंपनी को इसकी क्षतिपूर्ति के लिए एक करोड़ 32 लाख रुपए देने का नोटिस भेजा है। अब इतनी बड़ी राशि टोरेंट कंपनी वितरण निगम को देना नहीं चाहती है, जिसके बदले में वितरण निगम कंपनी का काम शुरू करने से मना कर रहा है। इस कारण पाइप लाइन बिछाने का काम रुका हुआ है।

क्या कहते गेल इंडिया के अधिकारी

गेल इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, बिजली वितरण निगम ने पाइप लाइन बिछाने के दौरान हम लोगों को सही जानकारी नहीं दी है। इस कारण केबल क्षतिग्रस्त हुआ है। निगम की ओर से यह जानकारी दी गई कि सड़क से 1 मीटर दूर तार बिछाया गया है। गेल इंडिया द्वारा 3 मीटर छोड़कर पाइपलाइन बिछाई जाने लगी। लेकिन वितरण निगम द्वारा जो अंडर वायर केबल बिछाया गया है वो टेढ़ा-मेढ़ा और जहां-तहां बिछाया गया है। इस कारण गेल इंडिया द्वारा जब सीधी पाइपलाइन बिछाई जा रही है तो वितरण निगम का केबल कहीं-कहीं आ जाता है और कट जाता है। यह इसलिए हो रहा है कि जो 11000 वोट का केबल गुजर रहा है वो कहीं 1 मीटर साइड है तो कहीं 3 मीटर। नतीजन केबल कट रहा है।

खर्च 15 लाख व डिमांड 1.32 करोड़

गेल इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि हम लोगों ने वितरण निगम से कहा है कि उनकी जो क्षतिपूर्ति है वो अपने कांट्रैक्टर से काम करवाएं। हम उनको केबल उपलब्ध कराएंगे। वितरण निगम को जितना नुकसान हुआ है, उसके अनुसार 15 से 20 लाख रुपए खर्च आएंगे। लेकिन वितरण निगम एक करोड़ 32 लाख रुपए का नोटिस दिया है।

90 किमी बिछाई जानी है पाइपलाइन

गैस सप्लाई पूरी रांची में करने के लिए कुल 90 किलोमीटर में गैस पाइपलाइन गेल द्वारा बिछाई जानी है। इसके लिए शहर में दो तरह की पाइपलाइन बिछाई गयी है, एक मोटी स्टील की मेन पाइपलाइन और दूसरी एमडीपाई पाइप से लोगों के घरों तक गैस पहुंचाई जाएगी। घरों और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल के हिसाब से प्रेशर सेट करके गैस सप्लाई होगी। घरों के लिए 21 एमएम बार और रेस्टोरेंट के लिए 35 एमएम बार प्रेशर पर गैस की सप्लाई की जाएगी।

पाइपलाइन बिछाने के दौरान बिजली वितरण निगम का अंडर वायर केबल क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। बार-बार जानकारी देने के बाद भी इस तरह का काम किया जा रहा है। इसलिए जो केबल क्षतिग्रस्त हुआ है उसके नुकसान की भरपाई काम करने वाली एजेंसी को करनी होगी।

-प्रभात कुमार श्रीवास्तव, जीएम एरिया बोर्ड, जेबीवीएनएल

पाइप लाइन बिछाने के दौरान बिजली का केबल जो अंडर वायर किया गया था, वो कट गया है। इसको बनाने के लिए हम लोग तैयार हैं। वितरण निगम अपने कांट्रैक्टर से काम करा सकता है। केबल का जो खर्चा आएगा और उस के लिए जो भी सामान की जरूरत होगी, वो हम लोग देने को तैयार हैं। इसके लिए बात भी की जा रही है।

-आलोक कुमार, जीएम, गेल इंडिया लिमिटेड

Posted By: Inextlive