RANCHI: तकरीबन एक माह से लॉकडाउन के कारण ठहरी हुई जिंदगी अब 20 अप्रैल से पटरी पर लौटती नजर आएगी। राज्य के मुख्य सचिव के निर्देश के बाद कई ऐसे कार्यो को शुरू कराने की तैयारी है, जिससे जीवन की गाड़ी को रफ्तार मिलेगी। सरकारी दफ्तरों को 33 फीसदी उपस्थिति के साथ खोलने का आदेश हो चुका है। औद्योगिक इकाइयों का संचालन आरंभ होगा तो मनरेगा के तहत काम भी कराए जा सकेंगे। इन कार्यो के आरंभ होने से मजदूर तबके को सीधा फायदा होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा केंद्रों के माध्यम से सरकार की सेवाओं को गांवों तक ऑनलाइन पहुंचाने की कवायद भी आरंभ कर दी गई है। इसके लिए संचालकों को पास जारी किए जा रहे हैं। इन सेवाओं की शुरुआत के साथ यह शर्त भी लगाई गई है कि हर जगह सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, हैंडवॉश और सैनिटाइजर जैसी जरुरतों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

राजधानी है रेड जोन में

सरकार की जो सेवाएं आज से शुरू हो रही हैं वह रेड जोन में लागू नहीं की जाएगी। राजधानी में प्रोजेक्ट बिल्डिंग और नेपाल हाउस के कार्यालय सोमवार से शुरू होंगे, बाकी राज्य के दूसरे सभी जिलों में कई तरह की गतिविधियां आज से शुरू हो जाएगी। क्योंकि संथाल परगना, कोल्हान प्रमंडल और पलामू प्रमंडल में कोरोनावायरस का अभी तक एक भी केस नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन जिलों को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है, इसलिए इन इलाकों में आज से कई तरह की राहत लोगों को मिलने लगेगी।

रोस्टरवाइज करेंगे काम

सोमवार से राजधानी के नेपाल हाउस और प्रोजेक्ट बिल्डिंग में जितने भी कार्यालय हैं वह खुलेंगे। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने सभी जिलों के डीसी को पत्र भी लिखा है और कई निर्देशों और शर्तो के साथ कार्यालय शुरू करने की अनुमति दी है । इसमें विभाग के सीनियर अधिकारी हर दिन कार्यालय जरूर आएंगे, लेकिन ग्रेड सी और डी कर्मचारी रोस्टर वाइज अपनी ड्यूटी निभाएंगे। इसमें भी 33 परसेंट कर्मचारियों के भरोसे ही कार्यालय का संचालन किया जाएगा। आम लोगों को अगर बहुत जरूरत नहीं होगी तो उनको कार्यालय नहीं आना है।

आज से टोल प्लाजा शुरू

ओरमांझी टोल प्लाजा आज से शुरू हो जाएगा। 24 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा होने के साथ ही सरकार ने या घोषणा की थी कि देश में जितने भी टोल प्लाजा हैं, वहां से अभी टोल टैक्स वसूला नहीं जाएगा। अब 20 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स वसूली शुरू हो जाएगी।

Posted By: Inextlive