- कई जिलों में बिजली व्यवस्था भी चरमराई, सड़कों पर जल जमाव व पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित

रांची : चक्रवाती तूफान यास के ओडिशा में लैंडफाल के बाद झारखंड में भी इसका असर देखने को मिला। राज्य के ज्यादातर इलाके में सुबह से ही लगातार बारिश होती रही। वहीं कई जगह पेड़ गिरने और गलियों तथा घरों में पानी घुस जाने की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात गुरुवार सुबह 5.30 बजे खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम की सीमा पर दस्तक देगा। इस वक्त इसकी गति 40-50 किमी प्रति घंटा हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि यास की रफ्तार ओडिशा से झारखंड आने से के क्रम में धीमी हुई है। गुरुवार को झारखंड पहुंचते ही इसकी गति और धीमी होगी। कोल्हान प्रमंडल यानी राज्य के दक्षिण-पूर्वी जिले के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम के ट्राई जंक्शन (तीनों जिलों की सीमा) के ऊपर में एक डीप डिप्रेशन का रूप लेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे होगी। इन जिलों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

राज्य के 10 जिलों के लिए आज आरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, रांची, चतरा, रामगढ़, रांची और खूंटी में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका है।

---

शासन- प्रशासन अलर्ट मोड में

उधर, राजधानी रांची समेत राज्य के सभी जिलों मे तूफान को लेकर अलर्ट जारी है। रांची, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, लातेहार आदि जिलों में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिला। वहीं कई जिलों में आंशिक असर देखने को मिला। गुमला जिले में लगातार बारिश होने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हुसैन नगर में पेड़ की डाली टूटने से बिजली आपूर्ति थोड़ी देर के लिए बाधित रही। लातेहार और लोहरदगा जिले में भी दिनभर बारिश की सूचना है। हजारीबाग जिले में सुबह से हो रही बारिश के बीच दारू प्रखंड के हुटपा में एनएच किनारे पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। कटकमसाडी में बारिश के कारण अनियंत्रित होकर सीमेंट लदा एक ट्रक पलट गया। चालक व खलासी बच गए हैं।

-- ---

एनडीआरएफ की टीमें तैनात

देर रात तक सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम समेत अन्य जिलों में हवा की रफ्तार बढ़ती दिखी। आंधी-बारिश के बीच सरायकेला में नदियां उफान पर हैं। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त अरवा राजकमल ने कहा है कि जिले का राजनगर प्रखंड ओडिशा की सीमा से सटा हुआ है। दोपहर बाद डीसी ने एनडीआरएफ की दो टीमों के साथ राजनगर क्षेत्र का दौरा किया और राहत व बचाव संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।

----

Posted By: Inextlive