RANCHI:राजधानी में जब-जब विपदा आई है यहां के लोगों ने डटकर उसका मुकाबला किया है। राजधानी वासी बगैर किसी मकसद नि:स्वार्थ भाव से लोगों की मदद करने मैदान में उतर आते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही नजारा है। एक ओर जहां लोग संक्रमित होकर बीमार पड़ रहे हैं तो दूसरी ओर इलाज कराने से लेकर दवाइयों एवं दूसरी परेशानियों से संक्रमित व्यक्ति का पूरा परिवार जूझ रहा है। मुसीबत के ऐसे समय में रांची के कुछ लोग फरिश्ते की तरह सामने आए हैं। इन सभी के सामूहिक प्रयास से न सिर्फ लोगों की परेशानियां दूर हो रही हैं बल्कि समय पर इलाज भी हो पा रहा है। ऐसे कई युवा आज लोगों की मदद कर रहे हैं। कोई लोगों को बेड, ऑक्सीजन, मेडिसीन उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहा है तो कोई खाना बना कर संक्रमित परिवार के घर पहुंचा रहा है। यह सिलसिला किसी एक दिन नहीं, बल्कि जब से रांची में सेकेंड वेव ने रफ्तार पकड़ी है तब से बिना रुके चल रहा है। सभी के प्रयास से सिटी में सैकड़ों लोगों की मदद हो चुकी है।

डेली खाना बनाकर पहुंचाती हूं घर-घर

रांची की रहने वाली निशा भगत अपने घर पर ही खाना बनाती हैं और हर दिन संक्रमित परिवार के घर जाकर खाना पहुंचाती हैं। उनके इस काम में चंद्रशेखर और विनीता कुमारी साथ देते हैं। निशा अबतक 120 से ज्यादा लोगों की मदद कर चुकी है। उसने बताया कि ऐसी फैमिली जिनका पूरा परिवार संक्रमित है या फिर घर के मुखिया के संक्रमित होने के बाद बच्चों को खाने की मुसीबत हो रही है तो वैसी फैमिली तक खाना पहुंचाती हूं। निशा ने सोशल मीडिया पर अपना फोन नंबर भी जारी किया है, जिससे हर दिन कई फोन कॉल आते हैं, जिसमें खाने की डिमांड होती है। सभी तक खाना पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।

बेड से लेकर ऑक्सीजन तक की मदद

सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश ठाकुर ने भी लोगों की समस्याओं को देखते हुए उनकी मदद करने की ठानी। उन्होंने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया, जिसमें उन्होंने समाज के वैसे व्यक्ति जो आम लोगों की मदद में रुचि रखते हैं। उन्हें एक प्लेटफार्म पर लाया, जिसके बाद किसी आम नागरिक की समस्या होने पर उसे व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिया जाता है। ग्रुप के सभी लोग एक्टिव है। प्रॉब्लम आते ही सभी लोग मदद में जुट जाते हैं और कुछ ही पल में समस्या का निदान हो जाता है। अवधेश बताते हैं कि लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, बेड, रेमडेसिवीर इंजेक्शन, दूसरे मेडिसीन समेत अन्य जरुरतें पूरी की जाती हैं। मेडिसीन स्टोर से दवा खरीद कर मरीजों तक पहुंचाने का भी काम अवधेश कर रहे हैं। अबतक 500 से भी अधिक लोगों की मदद ग्रुप द्वारा की जा चुकी है।

बीपीएल को 100 रुपए में पोर्टेबल ऑक्सीजन

आशुतोष सिंह, कृष्णा कुमार व दूसरे युवा भी लोगों की मदद करने आगे आए हैं। कोरोना से खुद को सुरक्षित रखते हुए ये ऐसे युवा हैं जो लोगों तक जाकर उनकी मदद करते हैं। दरअसल ये लोग बीपीएल फैमिली को मात्र सौ रुपए में तीन लीटर वाला ऑक्सीजन सिलेंडर दे रहे हैं। आशुतोष सिंह ने बताया कि वैसे लोग जो हमारे पास आ नहीं सकते हैं या लाचार हैं, उनका राशन कार्ड और आधार कार्ड व्हाट्सएप पर मंगा लिया जाता है। इसके बाद संबंधित एड्रेस पर ऑक्सीजन केन पहुंचा देते है। इसके अलावा प्रशासन से बातकर जरूरतमंद की जरूरत पूरी करने का प्रयास किया जाता है।

ऑक्सीजन सिलेंडर लेने पहुंच गए कोलकाता

रांची में जब कम होने लगी लोगों की सांसें और हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सिलेंडर की मारामारी देखते हुए रांची का एक शख्स लोगों की ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पूरा करने कोलकाता चला गया है। उस शख्स का नाम है डॉ आरिफ नासीर बट्ट। आरिफ अब भी कोलकाता से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवा कर रांची में लोगों की मदद कर रहे हैं। आरिफ ने अबतक 200 से ज्यादा लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया है। रांची के अलावा दूसरे शहर के लोग भी आरिफ से मदद ले रहे हैं। आरिफ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन्हें भी ऑक्सीजन की जरूरत पूरी हो जाए वे सिलेंडर जरूर वापस कर दें।

नितिन, विकास ने बढ़ाया हेल्पिंग हैंड

कोरोना महामारी से परेशान लोगों को ऑनलाइन मदद देने के लिए नितिन अग्रवाल और विकास ने भी व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। जिसके माध्यम से हर दिन चार से पांच लोगों की मदद हो रही है। नितिन ने बताया कि ग्रुप के माध्यम से इमरजेंसी में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कैन, मेडिसीन, प्लाज्मा एवं कोरोना संक्रमितो के घर भोजन की व्यवस्था की जा रही है। वहीं टेस्टिंग कराने में असमर्थ लोगों को भी टेस्ट कराने से लेकर वैक्सीन लगवाने में हेल्प किया जा रहा है। विकास सिंह ने वैसे कोरोना वॉरियर जो इस बीमारी को मात दे चुके हैं उनसे प्लाज्मा डोनेट करने की अपील की है।

फ्री में एंबुलेंस सेवा

एंबुलेंस ड्राइवर की मनमानी से परेशान होकर उत्तम यादव और उनके ग्रुप ने फ्री एंबुलेंस सेवा शुरू कर दी है। हेल्पलाइन नंबर की मदद से उत्तम और उनकी टीम जरूरतमंदों को एंबुलेंस उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा ये लोगों के घरों में खाना और दवा पहुंचाने से लेकर मुक्तिधाम के आस-पास पानी भी वितरण कर चुके हैं। उत्तम यादव ने कहा कि आज इस संकट के समय हर व्यक्ति को सामने आकर लोगों की मदद करनी चाहिए। खुद को सुरक्षित रखते हुए लोगों की सेवा बडे़ आराम से की जा सकती है। सिर्फ मन में जज्बा होना चाहिए।

Posted By: Inextlive