RANCHI: झारखंड की राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान रविवार को एक और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बन गया। राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ग्रहण किया। उन्हें राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हेमंत ने रविवार के शपथ लेने के साथ ही अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की। इस दौरान रांची से ही देश भर के विपक्षी दलों के नेताओं ने एक प्रकार से शक्ति प्रदर्शन भी किया। राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, एमके स्टालिन और तेजस्वी यादव, शरद यादव सरीखे कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ, जिसमें हेमंत के अलावा कांग्रेस के दो और राजद के एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली।

न प्रणव आए, न प्रियंका

शपथ ग्रहण समारोह में जिन बड़े नेताओं का नाम बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में पेश किया गया था, उनमें कई नेता नहीं आए। पूर्व राष्ट्रपति डॉ प्रणव मुखर्जी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के अलावा एक भी केंद्रीय मंत्री समारोह में शामिल नहीं हुए। हालांकि, राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शरीक हुए।

कांग्रेस कोटे से दो ने ली शपथ

महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद के विधायकों ने भी शपथ ग्रहण किया। कांग्रेस कोटे से दो विधायक आलमगीर आलम और डॉ रामेश्वर उरांव के अलावा राजद कोटे से एक मात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता भी मंत्री बन गए। इस दौरान महागठबंधन के सभी जीते हुए विधायकों को मंच पर ही बिठाया गया था। मंच पर ही सभी प्रमुख नेताओं को भी जगह मिली थी।

मुंडा के अलावा सभी पूर्व सीएम थे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके शिबू सोरेन, एक बार सीएम रह चुके बाबूलाल मरांडी, मधु कोड़ा और रघुवर दास भी नजर आए। सभी को मंच पर ही बिठाया गया था। कार्यक्रम में केवल एक पूर्व सीएम और मौजूदा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा नजर नहीं आए। वे शनिवार की शाम को ही दिल्ली चले गए थे। मंच पर शिबू सोरेन के अलावा हेमंत की मां रूपी सोरेन भी मौजूद थीं।

सीएम एट होम में शामिल हुए

शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे। यहां राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू द्वारा नई सरकार के गठन के सम्मान में आयोजित किये गए 'ऐट होम' कार्यक्रम में हेमंत सोरेन शामिल हुए।

उत्साह के साथ अभिवादन

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी निर्धारित समय से आठ मिनट लेट पहुंचे। उनके मंच पर आते ही समारोह में उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। भीड़ ने ममता बनर्जी के आगमन पर भी खूब शोर कर स्वागत किया। इससे पहले जब हेमंत सोरेन मंच पर पहुंचे, तो उनके समर्थन में भी नारेबाजी हुई।

शहीदों को किया नमन

मुख्यमंत्री सोरेन ने मोरहाबादी मैदान स्थित महात्मा गांधी एवं सिदो कान्हू पार्क स्थित सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले और उनसे हाथ मिला कर उनकी कुशलता जानी। शपथ के बाद मुख्यमंत्री ने बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

Posted By: Inextlive