RANCHI:कोरोनावायरस से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार सैनिटाइजर को माना जा रहा है। इलाके को जितना अधिक सैनिटाइज किया जाएगा, उतना ही ज्यादा कोरनावायरस उस एरिया से दूर रहेगा। इसे देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर की हर गलियों को सैनिटाइज करने के लिए पुणे से 20 हाईटेक सेनीटाइजर स्प्रे मशीन मंगवाई है। एक बार में 10 मीटर तक सैनिटाइज करने की क्षमता रखने वाले इस मशीन से पूरी राजधानी को सैनिटाइज किया जाएगा। पहले फेज में नगर निगम ने निगम की छह पुरानी गाडि़यों में इसे इंस्टॉल करके सैनिटाइज करने का काम भी शुरू कर दिया है।

तेजी से होगा काम

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि निगम के पास पहले से छह सैनिटाइजर स्प्रे मशीनें हैं, जिनसे शहर के विभिन्न वार्डो को सैनिटाइज किया जा रहा है। अब 20 नई हाईटेक सैनिटाइजर स्प्रे मशीनों के आ जाने से और अधिक इलाकों को सैनिटाइज किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल दो वार्ड पर एक मशीन उपलब्ध कराया गया है। अब नगर निगम के पास 26 सैनिटाइजर स्प्रे मशीनें हो गई हैं। इस तरह 53 वार्डो में बटवारा करके दो वार्ड पर एक मशीन सैनेटाइज करने के लिए दिया गया है।

होगी फॉगिंग भी

नगर निगम हाईटेक सैनिटाइजर स्प्रे मशीनों का मल्टीपल यूज करेगा। अभी तक सड़क, गलियों और शहरों के सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा था। अब शहर में फॉगिंग करके मच्छर भगाने के लिए भी इन सैनिटाइजर स्प्रे मशीनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए इन मशीनों को फॉगिंग करनेवाली गाडि़यों में फिट करना होगा।

निगम ने तैयार किया है रोस्टर

रांची नगर निगम ने सभी 53 वार्ड में वार्ड पार्षदों के सहयोग से शहर को सैनिटाइज करने के लिए रोस्टर भी तैयार कर लिया है। किस दिन किस इलाके को सैनिटाइज किया जाएगा, इसके लिए निगम के अधिकारी, कर्मचारी, वार्ड पार्षद के सहयोग से रोस्टर तैयार किया गया है। अब इसी रोस्टर के आधार पर पूरी राजधानी को सैनिटाइज किया जाएगा।

राजधानी में अधिक से अधिक घरों, गली-मोहल्लों को सैनिटाइज किया जाए इसके लिए रांची नगर निगम ने पुणे से 20 हाईटेक सैनिटाइजर स्प्रे मशीनें मंगाई है। एक मशीन से एक बार में 400 घरों को सैनिटाइज किया जा सकता है। स्प्रे मशीनों को नगर निगम की गाडि़यों में लगाया गया है। उन गाडि़यों में 500 लीटर की टंकी भी अलग से लगाई गई है। इससे सैनिटाइजेशन के काम को गति मिलेगी।

-शंकर यादव, अपर नगर आयुक्त, रांची नगर निगम

Posted By: Inextlive