RANCHI: रांची नगर निगम अब कचरे में फूल खिलाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत डंपिंग यार्ड में कचरे के ढेर पर हॉर्टिकल्चर पार्क बनाया जाएगा, जहां फूल और फल उगाए जा सकेंगे। वहीं, झिरी डंपिंग यार्ड सिटी के लोगों के लिए घूमने का नया डेस्टिनेशन भी बन जाएगा। रांची नगर निगम परिषद की बैठक में इस मॉडल को पार्षदों ने सहमति दे दी है। डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि जल्द ही इसके लिए एजेंसी की तलाश कर काम शुरू करा दिया जाएगा।

टेंडर कर एजेंसी का सेलेक्शन

डिप्टी मेयर ने बताया कि हॉर्टिकल्चर पार्क बनाने के लिए टेंडर कर एजेंसी का सेलेक्शन किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर निकाला जाएगा, जिसमें देशभर में इस तरह के पार्क बनाने वाली एजेंसिया आवेदन दे सकती हैं। उसमें सबसे कम रेट पर काम करने वाली एजेंसी को काम दिया जाएगा। टेंडर होने के बाद एक साल के अंदर ही झिरी में सबकुछ बदल जाएगा।

दुर्गध व मच्छरों से मिलेगा छुटकारा

हॉर्टिकल्चर पार्क बनाने के लिए कचरे के ढेर को धीरे-धीरे कम किया जाएगा। कुछ दिन पहले डिप्टी मेयर कई शहरों की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने गए थे। इस दौरान उन्होंने चेन्नई में कचरे के ढेर पर हॉर्टिकल्चर पार्क का मॉडल देखा। इसी तर्ज पर डंपिंग यार्ड में पार्क बनाया जाएगा, जिससे कि कचरे के ढेर से परेशान लोगों को अब हरियाली देखने को मिलेगी। वहीं कचरे की दुर्गध और मच्छरों के आतंक से उन्हें छुटकारा भी मिल जाएगा।

वेस्ट डिस्पोजल में दोनों एजेंसियां फेल

नगर निगम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत वेस्ट कलेक्शन व डिस्पोजल का काम एटूजेड और आरएमएसडब्ल्यू को दिया था। लेकिन दोनों ही एजेंसियों ने केवल वेस्ट कलेक्शन का काम किया। इसके बाद कचरा झिरी में डंप होता गया। आज स्थिति यह है कि कचरा पूरे 48 एकड़ में फैल गया। अब इस कचरे को कम एरिया में समेटने की तैयारी है। ताकि पूरे एरिया को खाली कर वहां पर सॉलिड वेस्ट का मैनेजमेंट किया जा सकेगा।

खड़ा हो गया कूड़े का पहाड़

राजधानी में एक लाख 85 हजार के करीब हाउस होल्डर्स हैं, जहां से हर दिन 500 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। जिसे कलेक्ट कर पहले एमटीएस भेजा जाता है, जिसके लिए छोटी गाडि़यां अवेलेबल हैं। इसके बाद कचरा एमटीएस से कांपैक्टर की मदद से डंपिंग यार्ड भेज दिया जाता है। डिस्पोजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण वहां कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया है।

वर्जन

चेन्नई नगर निगम ने डंपिंग यार्ड में यह बदलाव किया है। पंजाब टूर के दौरान हमने एक प्रेजेंटेशन देखा था। यह मॉडल रांची में एक बड़ा बदलाव लाएगा। घूमने के लिए भी एक अच्छी जगह हो सकती है। इसके अलावा वेस्ट मैनेजमेंट के लिए हमें जगह भी मिल जाएगी।

-संजीव विजयवर्गीय, डिप्टी मेयर, रांची

Posted By: Inextlive