RANCHI: दिल्ली में मानव तस्करों द्वारा फिर से 25 दिसंबर को आया मेला लगाया जा रहा है। इसकी तैयारी चल रही है। मानव तस्करों द्वारा लगाए गए इस मेले में झारखंड के कलाकार के भी शामिल होने की उम्मीद है। झारखंड के कलाकारों को इस संबंध में निमंत्रण पत्र भी भेजा जा रहा है।

प्रभा मुनि गिरोह ने संभाली कमान

जानकारी के मुताबिक, पूर्व में दिल्ली में झारखंड की लड़कियों की तस्करी कराने के आरोपी कुख्यात तस्कर प्रभा मुनि और उसके पति रोहित मुनि के जेल जाने के बाद अब उसके गिरोह ने यह कमान थाम ली है। दिल्ली में प्रभा मुनि और उसका पूरा गिरोह दिल्ली में क्रिसमस के दिन आया मेला लगाने वाले हैं। इसमें झारखंड से लाई गई लड़कियों को घरेलू नौकरानी बनाने के नाम पर बड़े- बड़े घरों में पैसे लेकर बेचे जाने की परंपरा भी निभाई जाती है।

सीएम तक पहुंचते हैं मेले में

इस आया मेला में दिल्ली के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री समेत दिल्ली पुलिस प्रशासन के कई बड़े अधिकारी और उद्योगपति भी पहुंचते हैं। मनपसंद लड़कियों को घरेलू नौकरानी बनाने के लिए मोटी रकम चुका कर ले जाते हैं।

तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी

झारखंड के मानव तस्करों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के चिन्हित मानव तस्करों की संपत्ति का ब्यौरा निकाला जा रहा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने तस्करों की संपत्ति की जानकारी जुटाने के लिए सभी जिलों के एसपी को पत्र भी लिखा है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने झारखंड के बड़े मानव तस्करों में गिने जाने वाले पन्नालाल की संपत्ति का ब्यौरा तैयार कर प्रवर्तन निदेशालय को भेजा था। अब पुलिस मुख्यालय को जानकारी मिली है कि पन्नालाल समेत कई अन्य तस्करों ने भी मानव तस्करी के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। ऐसे में सभी के खिलाफ नए सिरे से संपत्ति का ब्यौरा तैयार किया जा रहा है।

कौन है प्रभा मुनि

प्रभा मुनि एनजीओ की आड़ में मानव तस्करी का धंधा कर रही थी। वह दिल्ली में संपूर्ण घरेलू कामगार सर्वेक्षण एवं उत्थान समिति नामक संस्था चलाती है। साथ ही ऑल इंडिया क्रिश्चियन माइनोरिटी संघ की वाइस प्रेसिडेंट भी बनी हुई थी। इन एनजीओ व संगठनों के बूते दिल्ली में हर वर्ष 25 दिसंबर को एक मेला भी लगाती थी, जिसमें राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी हस्तियां शामिल होते थे। यह दावा सिमडेगा एसपी संजीव कुमार ने भी किया था। बताया था कि प्रभा झारखंड के अलावा ओडि़शा और छत्तीसगढ़ से लड़के-लड़कियों को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने और पैसा लेकर बड़े घरों में मजदूर की तरह काम पर रखवा देने की बातें सामने आई थी। जिस क्रिश्चियन माइनोरिटी संघ की उपाध्यक्ष प्रभा है, उसका अध्यक्ष फिलिप प्रिस्ट नामक शख्स है।

Posted By: Inextlive