RANCHI: रांची, हटिया, कांके, खिजरी, मांडर, तमाड़ और सिल्ली विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हो चुका है और अब जिला प्रशासन काउंटिंग की तैयारियों में जुट गया है। 23 दिसंबर को काउंटिंग होगी। रांची के इन सातों सीटों की काउंटिंग पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम में होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की काउंटिंग होगी, जिसका रुझान सुबह 8.30 से 9 बजे के बीच आना शुरू होगा। इसके बाद ईवीएम की काउंटिंग होगी। 10 बजे के बाद ईवीएम से पड़े वोटों का रुझान भी आना शुरू हो जाएगा।

डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा

सात दिसंबर 2019 को रांची जिला के दो विधानसभा क्षेत्रों और 12 दिसंबर को पांच विधानसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न होने के बाद अब रांची जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह रांची उपायुक्त ने शनिवार को पंडरा बाजार समिति प्रांगण में मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उपविकास आयुक्त, रांची, एसएसपी रांची, एसपी सिटी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन की पूरी तैयारी

रांची डीसी ने सातों विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाये गये काउंटिंग हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मतगणना को लेकर जिला प्रशासन की पूरी तैयारी है। सभी काउंटिंग हॉल का निरीक्षण किया गया है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग अलग काउंटिंग टेबल बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होगी की जल्द से जल्द काउंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली जाये। पोस्टल बैलेट की काउंटिंग आरओ टेबल पर होगी और संभवत: सुबह 8.30 से 9 बजे तक पहला रुझान आ जायेगा।

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

डीसी राय महिमापत रे ने पंडरा स्थित स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। पूरे परिसर का भ्रमण कर उन्होंने बारीकी से सुरक्षा का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। सुरक्षा का रियालिटी चेक करते हुए वे स्ट्रांग रूम के छत पर भी पहुंचे और ऊपर से आसपास की स्थिति का जायजा लिया।

पंडरा में त्रिस्तरीय सुरक्षा

पंडरा बाजार स्थित स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा की जा रही है। सीआरपीएफ, जैप और जिला शस्त्र पुलिस द्वारा त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा स्ट्रांग रूम सहित पूरे परिसर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वहां मौजूद अधिकारियों से यह भी जानकारी ली कि किसी पार्टी के कार्यकर्ता रात में रुक रहे हैं या नहीं?

Posted By: Inextlive