नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में झारखंड को सम्मान मिला. राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे को सम्मान सौंपा. विभिन्न कैटेगरी में राज्य के कई शहर भी सम्मानित कुशल नेतृत्व का सम्मान मिला.

रांची(ब्यूरो)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य लगातार विकास की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार 20 नवंबर को मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व को भारत सरकार की ओर से एक बड़े सम्मान से नवाजा गया। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में झारखंड को राज्यों की श्रेणी में देश के अव्वल राज्य का सम्मान दिया। मौके पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने सम्मान प्राप्त किया। साथ हीं राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार भी मौजूद थे। मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने झारखंड सरकार, नगर विकास विभाग और प्रदेश के नागरिकों को इस सम्मान के लिए बधाई दी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में 100 शहरी निकायों वाले राज्यों की श्रेणी में झारखंड को बेस्ट परफॉर्मिंग अवार्ड मिला है।
शहरी स्वच्छता में झारखंड का प्रदर्शन
गौरतलब है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2016 में झारखंड की स्थिति बहुत प्रशंसनीय नहीं थी, पर लगातार स्वच्छता सर्वेक्षण 2017, 2018, 2019, 2020 और 2021 में राज्य की जनता के सहयोग और शहरी निकायों तथा राज्य सरकार के कुशल मार्गदर्शन में राज्य ने स्वच्छता के क्षेत्र में कई सम्मान प्राप्त किए हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन और सफाईकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता का ही नतीजा है कि आज राज्य देश में अव्वल स्थान पर खड़ा है और हमारे शहर सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी सम्मानित हो रहे हैं।
सीएम ने सफाईकर्मियों व नागरिकों को बधाई दी
स्वच्छता के क्षेत्र में झारखंड को मिली सफलता पर सीएम हेमंत सोरेन ने प्रदेश के शहरी निकायों में रह रहे नागरिकों और सफाईकर्मियों को बधाई और शुभकामना दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी के संयुक्त प्रयास से ये सम्मान झारखंड को प्राप्त हुआ और यह सम्मान प्रदेश के नागरिकों के लिए गौरव का विषय है।

विभाग व निकायों द्वारा उठाए गए अहम कदम
-स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 से पहले सभी निकायों में बैठक, कार्यशाला और कैंपेन आयोजित हुआ।
-समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम चलाए गए।
-डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन सुनिश्चित कराया गया।
-सेग्रिगेशन एंड प्रोसेसिंग ऑफ वेस्ट को प्राथमिकता दी गयी।
-पीट कंपोस्टिंग एंड ऑनसाइट कंपोस्टिंग के लिए नगर निकायों व नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया।
-रीसाइक्लर्स को नगर निकायों के साथ जोड़ा गया।
-कैरी बैग को बैन किया गया और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी लाई गई।
-स्वच्छता ऐप के माध्यम से सफाई से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निदान किया गया।

जमशेदपुर व जुगसलाई भी सम्मानित
-देश के 3-10 लाख तक की आबादी वाले शहरों में जमशेदपुर को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज के लिए दूसरा स्थान मिला है।
-पूर्वी जोन के 25-50 हजार आबादी वाले शहरों में जुगसलाई को सिटीजन फीडबैक के लिए बेस्ट सिटी के रूप में सम्मानित किया गया है।
-गार्बेज 3 स्टार रेटिंग में भी झारखंड के जमशेदपुर को सम्मानित किया गया है।

Posted By: Inextlive