रांची: अगर आपके पास मैनेजर बनने का हुनर है और पांच साल का वर्क एक्सपीरियंस तो आइआइएम रांची आपको प्रोग्राम मैनेजर की जॉब दे रहा है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। इसमें चयनित कैंडिडेट्स को 40 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। नौकरी एक साल की होगी जो पूरी तरह से कांट्रैक्ट पर आधारित होगी। इस जॉब के लिए अप्लीकेशन 20 मई तक दिए जा सकते हैं।

क्या है जॉब

आइआइएम रांची में बिरसा मुंडा सेंटर फॉर ट्राइबल अफेयर्स की स्थापना की गई है। इसके तहत राज्य के आदिवासी युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा। इसके लिए झारखंड में विभिन्न जिलों व ब्लॉक में लगभग 39 सेंटर बनाए गए हैं। इसके संचालन के लिए प्रोग्राम मैनेजर की कांट्रैक्ट पर नियुक्ति की जानी है। यह नियुक्ति एक वर्ष के लिए होगी। नियुक्त उम्मीदवार आइआइएम रांची का एक सहायक कर्मचारी होगा। इन्हें प्रतिमाह 40 हजार रुपये मिलेंगे।

ऐसा होगा जॉब प्रोफाइल

आइआइएम निदेशक के अनुसार, नियुक्त किये गये मैनेजर का ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाने की प्रशासनिक जिम्मेवारी होगी। मैनेजर को टीम का प्रबंधन, उनकी निगरानी करना व प्रतिभागियों के फील्ड वर्क पर नजर रखना होगा। कार्यक्रम संचालन के लिए एक प्रोटोकॉल बनाना होगा। क्षेत्र के आधार पर दीर्घ व लघु प्लान बनाने की जिम्मेवारी होगी। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों व ट्राइफेड के साथ समन्वय स्थापित करना होगा।

क्या है क्राइटेरिया

बिरसा मुंडा सेंटर फॉर ट्राइबल अफेयर्स की ओर से युवाओं को स्किल्ड बनाने के लिए योजना तैयार करनी होगी। मैनेजर के पद पर वैसे व्यक्ति नियुक्त होंगे, जो पोस्ट ग्रेजुएट हों। पांच वर्ष का प्रशासनिक अनुभव हो। झारखंड की संस्कृति, जमीनी स्तर की जानकारी हो। स्थानीय समुदाय के बीच रहने का अनुभव हो। मैनेजर को आइआइएम के इएसडीपी को-ऑर्डिनेटर को रिपोर्ट करनी होगी। आइआइएम रांची द्वारा इससे पूर्व महात्मा गांधी नेशनल फेलोशिप के लिए भी प्रोग्राम मैनेजर व रिसर्च असिस्टेंट की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए थे।

Posted By: Inextlive