RANCHI:अगर आपके भी घर की महिलाएं या बेटियां ट्रेनों में अकेले सफर करती हैं और उनके बाहर रहने तक इस बात की चिंता लगी रहती है कि वो किस हाल में हैं तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। चूंकि आरपीएफ की महिला विंग ने अब उनकी सेफ्टी की जिम्मेवारी ले ली है, जिसके तहत आरपीएफ की महिला टीम महिला पैसेंजर्स का ख्याल रखेगी। वहीं रेलवे स्टेशनों पर उनका हालचाल भी लेती रहेगी। रांची डिवीजन में इसकी शुरुआत की गई है, जिससे कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराध में कमी आएगी।

रेलवे बोर्ड का निर्देश जारी

रेलवे बोर्ड से जारी निर्देशों के अनुसार, आरपीएफ की महिला सिपाहियों की टीम गठित की गई है। हर दिन रांची से खुलने वाली ट्रेनों में महिला पैसेंजर्स या बच्चों के साथ सफर कर रही अकेली मां की जानकारी इकट्ठा करेगी। वहीं उनकी पूरी डिटेल भी नोट करेंगी। इसके बाद कंट्रोल रूम से भी उन्हें पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी जाती है। वहीं कई बार अकेली महिलाओं को देखकर महिला विंग जानकारी लेती है। बताते चलें कि फिलहाल रांची से कुछ ही ट्रेनों को परिचालन की अनुमति मिली है। लेकिन रेगुलर ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के बाद भी ये सुविधाएं जारी रहेंगी।

वूमेन विंग लेती है जानकारी

महिला आरपीएफ की टीम पैसेंजर्स के पास जाकर उनकी ट्रेन, कोच, सीट की स्थिति नोट करने के बाद उन्हें कंट्रोल रूम को उपलब्ध करा दिया जाता है। यह फैसिलिटी रांची डिवीजन के सभी स्टेशनों पर मिल रही है। वहीं ट्रेनों के आने के बाद भी वो कोच के पास जाकर उनका हालचाल पूछती है। साथ ही उन्हें बताया जाता है कि अगर कोई परेशानी है तो तत्काल उनकी मदद की जाएगी।

हमारे डिवीजन में यह सुविधा शुरू कर दी गई है। महिला आरपीएफ की टीम ट्रेन खुलने से पहले अवेयर करती है। इसके अलावा उन्हें जानकारी दी जाती है कि कैसे जरूरत पड़ने पर उन्हें मदद मिल सकती है। बोर्ड के आदेश के बाद ये सर्विस रांची डवीजन में महिला पैसेंजर्स को मिल रही है।

-प्रमोद कुमार यादव, डिवीजन सिक्योरिटी कमिश्नर, रांची डिवीजन

Posted By: Inextlive