--महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड

-बाबा वैद्यनाथधाम में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

-रांची पहाड़ी मंदिर में भी हजारों लोगों ने किया जलाभिषेक, बोल बम से गूंजे परिसर

रांची। महाशिवरात्रि के मौके पर गुरुवार को देवघर से लेकर रांची तक आस्था की खुमारी नजर आई। हर जुबां पर बस भोले भंडारी, ओम नम: शिवाय की गूंज थी। देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथधाम में भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। बाबा वैद्यनाथ धाम में बुधवार की रात से ही भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। इधर, पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था कर रखी थी। रात में शिवालयों में भगवान शिव व माता पार्वती का शुभ विवाह कराया गया। 27 साल में पहली बार बाबा वैद्यनाथ धाम में कोरोना महामारी के कारण महाशिवरात्रि पर जुलूस, बारात और झांकी नहीं निकाली गई। वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शिवगंगा सरोवर में एनडीआरएफ की टीम को प्रतिनियुक्त किया गया था। इसमें 4 मोटर बोट, 35 लाइफब्वॉॅय, डीप डाइविंग सेट के माध्यम से पूरे शिवगंगा सरोवर की 24 घंटे मॉनिटरिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद है।

रांची पहाड़ी में जुटी भीड़

महाशिवरात्रि के मौके पर रांची के सभी शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। वहीं रांची पहाड़ी मंदिर में अहले सुबह से ही जलाभिषेक के लिए कतार लगनी शुरू हो गई थी। लोग सपरिवार पहाड़ी बाबा के जलाभिषेक करने पहुंचे थे। पूरा शहर शिवमय बना रहा। मंदिरों में शंख और घंटी की आवाज के साथ बम-बम भोले गूंजता रहा। रांची के पहाड़ी मंदिर में सुबह 3.30 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगने लगी थी। यहां सबसे डीसी छवि रंजन और एसडीओ समीरा एस ने विधिवत पूजा की। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए।

Posted By: Inextlive