रांची : लंबे समय तक चेन्नई में इलाज कराने के बाद मंत्री जगरनाथ महतो सोमवार को रांची लौट आए। रिम्स के दो चिकित्सकों की टीम ने चार्टर्ड विमान से उन्हें रांची लाया। रांची एयरपोर्ट पर स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी अगुवाई की। इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री काफी भावुक हो गए। मंत्री फिलहाल रांची स्थित अपने नए सरकारी आवास में रहेंगे। इस आवास की तमाम व्यवस्था को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री के आगमन के पूर्व खुद जाकर देखा। यहां तमाम चिकित्सा उपकरण भी लगे हुए हैं।

दो डॉक्टर गए थे

राज्य सरकार के निर्देश पर रिम्स के क्रिटिकल केयर यूनिट के अध्यक्ष डा। प्रदीप भट्टाचार्य तथा मेडिसिन विभाग के डा। अजित डुंगडुंग सोमवार को ही सुबह चार्टर्ड विमान से मंत्री को लाने चेन्नई गए थे। चिकित्सकों ने वहां मंत्री की सघन जांच की तथा उनके मौजूदा स्वास्थ्य से पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद उन्हें अपनी देखरेख में उसी विमान से वापस लेकर सोमवार की शाम रांची लौटे।

सितंबर में कोरोना

बताते चलें कि मंत्री पिछले साल सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में कोरोना से संक्रमित हुए थे। इसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर मंत्री को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कालेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री का कोरोना संक्रमण से खराब हुए फेफडे़ को ट्रांसप्लांट किया गया है।

-उपकरण के इंतजाम

एमजीएम, चेन्नई के चिकित्सकों के सुझाव पर मंत्री की देखभाल तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए उनके आवास पर आक्सीजन सिलेंडर व अन्य कई उपकरणों के इंतजाम रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री के आने से पहले उनके आवास पर जाकर मंत्री के लिए किए गए इंतजाम का जायजा लिया। आवास को पूरी तरह सैनिटाइज भी किया गया है।

Posted By: Inextlive