रांची : झारखंड में कोरोना टीकाकरण की गति फिर रफ्तार पकड़ेगी। राज्य को शुक्रवार को कोविशील्ड की 5,30,430 डोज वैक्सीन मिली। राज्य सरकार के अनुरोध पर यह वैक्सीन निर्धारित शेड्यूल से पहले मिली है। पहले राज्य को इतनी वैक्सीन 24 और 25 जुलाई को मिलनी थी। इधर, कोविशील्ड वैक्सीन मिलने के बाद शुक्रवार को सभी जिलों को आबादी एवं खपत के अनुपात में आवंटित कर दी गई। सबसे अधिक 40 हजार वैक्सीन रांची को मिली है। जिलों में वैक्सीन पहुंचने के बाद शनिवार से एक बार फिर एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो सकता है। हालांकि राज्य में कोवैक्सीन की कमी बनी हुई है। 21 जुलाई को मिलनेवाली 31,130 डोज कोवैक्सीन अभी तक झारखंड को नहीं मिल सकी है। राज्य प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा। अजित प्रसाद के अनुसार पुणे में भारी वर्षा होने के कारण विमान नहीं आने से वैक्सीन नहीं मिल पाई है। उन्होंने शनिवार को कोवैक्सीन मिलने की उम्मीद जताई है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, शनिवार को 35,570 डोज कोवैक्सीन और मिलनी है।

परेशान रहे लोग

राज्य में कोवैक्सीन नहीं होने से दूसरी डोज की प्रतीक्षा में बैठे लोगों को परेशानी हो रही है। कई लोगों की दूसरी डोज लेने की समय सीमा भी खत्म हो गई है। इधर, राज्य में शुक्रवार को भी शाम तक 27 हजार लोगों का ही टीकाकरण हो सका। एक दिन पूर्व गुरुवार को राज्य में 64,798 लोगों का टीकाकरण हुआ था।

किस जिले को कितनी डोज कोविशील्ड वैक्सीन

रांची : 40,000, बोकारो : 29,500, चतरा : 21,000, देवघर : 23,000, धनबाद : 39,000, दुमका : 21,000, पूर्वी सिंहभूम : 35,000, गढ़वा : 21,000, गिरिडीह : 36,000, गोड्डा : 22,000, गुमला : 16,500, हजारीबाग : 25,500, जामताड़ा : 14,000, खूंटी : 10,000, कोडरमा : 14,000, लातेहार : 13,000, लोहरदगा : 10,000, पाकुड़ : 16,000, पलामू : 29,000, रामगढ़ : 17,000, साहिबगंज : 21,000, सरायकेला खरसावां : 19,000, सिमडेगा : 13,900, पश्चिमी सिंहभूम : 24,000

Posted By: Inextlive