घर की महिलाओं को भारी-भरकम गैस सिलेंडर से निजात मिलने वाली है. राजधानी रांची में भी कंपोजिट सिलेंडर की सुगबुगाहट शुरू हो गई है. सिटी में कंपोजिट सिलेंडर का डेमो पहुंच चुका है. जल्द ही सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास यह मिलने लगेगा.


रांची( ब्यूरो)। एक समय था जब महिलाएं पत्ता, लकड़ी, कोयला जलाकर खाना पकाती थीं। चूल्हे में लकड़ी डालकर और फंूक मारकर आग जलाती थीं। उन चूल्हों और लकडिय़ों की जगह गैस चूल्हों और गैस सिलेंडरों ने ले ली, जिससे खाना बनाना काफी सुविधाजनक हो हो गया है। लेकिन अब भी भारी-भरकम गैस सिलेंडर परेशानी का विषय बना हुआ है। अब जल्द ही इससे भी मुक्ति मिलने वाली है। दरअसल, फाइबर ग्लास कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लॉन्च हो चुका है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसका वजन लोहे के सिलेंडर के मुकाबले आधा होगा, जिससे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकेगा। कंज्यूमर को यह सिलेंडर कम दाम में उपलब्ध कराया जाएगा। 3360 रुपए में कोई भी उपभोक्ता इस कंपोजिट सिलेंडर को ले सकेगा। पुराने गैस सिलेंडर से भी इसे रिप्लेस कराया जा सकता है। 670 रुपए में 10 केजी गैस
एलपीजी कंपोजिट सिलेंडर का कूल वजन करीब 15 केजी है, जिसमें दस केजी गैस होगी। इसके अलावा यह सिलेंडर पूरी तरह से ट्रांसपेरेंट है। सिलेंडर में लिक्विड फार्म में गैस मौजूद होता है, जिससे सिलेंडर में गैस कितना है यह भी देखा जा सकेगा। वजन में हल्का होने के कारण महिलाएं भी इसे रिफिल करा सकेंगी। कंपोजिट सिलेंडर की सबसे खास बात यह है कि सिलेंडर पूरी तरह से जंग प्रतिरोधी है। सिटी में आठ पीस सिलेंडर फिलहाल भेजा गया है, जिसे दिखा कर लोगों को इसके बारे में जानकारी दी जा रही है। कीमत की बात करें तो लोहे के सिलेंडर से इसकी कीमत कम है। लोहे के सिलेंडर में 14 केजी गैस के लिए फिलहाल 960 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। जबकि कंपोजिट गैस के लिए सिर्फ 670 रुपए देना होगा। लेकिन इसमें सिर्फ दस केजी ही गैस मिलेगा। जानकारी के अनुसार, जल्द ही कंपोजिट सिलेंडर को पांच केजी में भी बाजार में उतारा जाएगा। आग लगने की स्थिति में ब्लास्ट होने के बजाय यह पिघल जाएगा, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं होगा।

Posted By: Inextlive