-- निकलेगा टेंडर, राजधानी के बड़े हिस्से से जलभराव खत्म करने की बनी योजना, नगर आयुक्त ने लिया जायजा

रांची : राजधानी को बरसात में होने वाले जल भराव से निजात दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए ¨हदपीढ़ी के निजामनगर के बड़े नाले को गहरा किया जाएगा। कीचड़ और गाद जमने से ज्यादा गंदा पानी नाले से नहीं बह पाता और इसके ओवरफ्लो होने से जल भराव की नौबत आती है। रांची नगर निगम ने इस नाले को गहरा करने के साथ ही इसको कवर करने की योजना तैयार कर ली है। जल्द ही इसका टेंडर निकलेगा और टेंडर के निस्तारण के बाद नाले का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

नगर आयुक्त का इंस्पेक्शन

योजना को अमली जामा पहनाने के लिए नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने शनिवार को निजाम नगर में बड़े नाले का भी निरीक्षण किया। इस नाले से रांची के बड़े इलाके का गंदा पानी बाहर जाता है, लेकिन नाले में लोग कचरा भी फेंकते हैं। इस वजह से नाला उथला हो गया है। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के बाद सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि नाले को और गहरा किया जाए। अधिकारियों का कहना है कि एक दो दिन में टेंडर निकलने जा रहा है। टेंडर के निस्तारण के बाद इसमें कवर करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। निरीक्षण में नगर आयुक्त के साथ टाउन प्लानर अरुण कुमार, श्रीकांत शरण, नगर प्रबंधक विजेंद्र कुमार, रूपेश रंजन, वीरेंद्र कुमार और जोनल सुपरवाइजर मौजूद थे।

हाई कोर्ट ने कई बार की टिप्पणी

गौरतलब है कि इस नाले के जाम होने की वजह से रांची के बड़े इलाके में जलभराव की दिक्कत हो जाती है। इसे लेकर हाई कोर्ट ने भी कई बार प्रतिकूल टिप्पणी की है। इसी वजह से नगर आयुक्त रांची के लोगों को इस मुसीबत से निजात दिलाने के लिए नाले को गहरा करने के साथ ही इस को कवर करने की योजना तैयार की है। नाला कवर हो जाने से इसमें किसी के गिरने का भी खतरा खत्म हो जाएगा।

छोटा तालाब में लगेगी लाइट

रांची नगर निगम ¨हदपीढ़ी के निजाम नगर में छोटा तालाब का सुंदरीकरण कराने जा रहा है। छोटा तालाब को साफ सुथरा बनाने के साथ ही इसमें लाइटें लगाई जाएंगी। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने शनिवार को छोटा तालाब का निरीक्षण करने के बाद इसमें 10 बड़ी लाइटें लगाने का निर्देश दिया है। बड़ा तालाब के बगल में निजाम नगर का छोटा तालाब है। यहां पर भी लोग आकर बैठते हैं। छोटा तालाब में लाइ¨टग नहीं होने से अंधेरा रहता है। इस वजह से यहां अड्डे बाजी की भी संभावना बनी रहती है। इसको खत्म करने के लिए ही रांची नगर निगम यहां लाइट लगाने जा रहा है।

Posted By: Inextlive