RANCHI:दो दिन बाद ही राष्ट्रीय त्योहार है, लेकिन सड़कों पर जहां-तहां गंदगी का अंबार लगा है। सिटी की कई सड़कों पर इधर-उधर गंदगी फैली है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। सिर्फ झाड़ू करने वाली सफाई कर्मी अपनी ड्यूटी करती दिख रही हैं, जबकि पुरुष नदारद हैं। रातू रोड, मेन रोड, अपर बाजार हर ओर गंदगी फैली है। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस शनिवार को मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम मोरहाबादी मैदान में होना है इसलिए मोराबादी मैदान में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। मैदान और आस-पास के इलाके को साफ भी किया जा रहा है। लेकिन शहर के अन्य इलाकों की सफाई नहीं हो रही है। यहां तक कि सड़क किनारे लगाए गए डस्टबिन भी समय से खाली नहीं हो रहे हैं। बीमारी न फैले इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से अपने आस-पास के इलाके को साफ रखने की लगातार अपील की जा रही है। लेकिन जिसके जिम्मे शहर की सफाई व्यवस्था है, वही उदासीन बना हुआ है।

घरों से भी नहीं उठ रहा कचरा

सिर्फ सड़क से ही नहीं, बल्कि लोगों के घरों से भी कचरा नहीं उठ रहा है। समय पर घरों से कचरा का उठाव नहीं होने की वजह से घर पर ही कचरे का अंबार लग रहा है। कचरे का स्टॉक बढ़ जाने के कारण लोग सड़क पर ही कचरा निकाल कर फेंक देते हैं। रोड से कचरे का उठाव नहीं होता जिसे जानवरों द्वारा इधर-उधर फैला दिया जाता है। फिर इसी कचरे से दुर्गध फैलने लगता है। इन दिनों कोविड-19 का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में सफाई नहीं होने से दूसरी बीमारी फैलने की भी आशंका बढ़ गई है। अपर बाजार निवासी बबलू वर्मा ने बताया कि दस दिन तक कोई कचरा उठाने नहीं आता है। सड़क पर गंदगी पसरी रहती है। समय पर इसका उठाव नहीं होता। कई बार नगर निगम को कम्पलेन होता है फिर भी कोई सुनवाई नहीं होती।

कोरोना संक्रमण का भय

नगर निगम के सफाईकर्मियों में कोरोना संक्रमण को लेकर भय का माहौल है। जिस वजह से सफाई कर्मचारी सफाई करने नहीं पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। न तो पीपीई किट मिल रहा है और न ही सेनिटाइजर दिया जाता है। मास्क भी अपने पैसे से खरीद कर पहनते हैं। एक सफाई कर्मचारी ने बताया कि सरकार की ओर से बोनस देने का वादा किया गया था। वह भी नहीं दिया गया है। सुरक्षा के नाम पर सिर्फ गल्व्स ही दिया गया है, वह भी फट गया है। संक्रमित होने के बाद भी निगम की ओर से कोई सहयोग नहीं मिलता है।

क्या कहते हैं आम लोग

नगर निगम सिर्फ टैक्स लेना जानता है। अपना काम ईमानदारी से करना नहीं जानता है निगम। कई दिनों से अपर बाजार इलाके में गंदगी फैली है, लेकिन इसका उठाव नहीं हो रहा है। कोरोना का खतरा तो पहले से ही है, निगम की वजह से दूसरी बीमारी भी हो सकती है।

अभिमन्यु

निगम की टीम समय पर आकर घर से कचरा कलेक्ट नहीं कर रही, जिससे घर पर कूड़ा जमा हो जा रहा है। मजबूरी में बाहर फेंकना पड़ता है। बाहर भी कहीं डस्टबिन नहीं लगा, जिससे परेशानी होती है।

प्रिंस

नगर निगम में कई बार कंप्लेन किया गया कि वार्ड में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करा दें। लेकिन निगम की ओर से सिर्फ टाल-मटोल किया जा रहा है। अब हर गली से कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में निगम और सचेत होकर काम करना चाहिए था।

विनय

Posted By: Inextlive