रांची: राजधानी के लोगों को रांची नगर निगम स्वच्छता का पाठ पढ़ा रहा है। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई भी की जाती है। लेकिन नगर निगम की नालियों की ही प्रॉपर निकासी की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से कई जगह पर बड़ी नालियों का पानी खुले में बहाया जा रहा है। इतना ही नहीं, इस गंदे पानी के कारण कई तरह की बीमारियों का भी खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि लोगों को नियम सिखाने वाले रांची नगर निगम पर कार्रवाई कौन करेगा?

नहीं बन पाई नालियां

शहर को साफ और स्वच्छ बनाने की बात नगर निगम करता है। विकास के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च भी किए जाते हैं। बड़े-बड़े नाले भी बनाए जाते हैं। लेकिन सिटी के कुछ इलाकों में नालों का निर्माण ही नहीं कराया गया है। ऐसे में जाहिर है कि नाले का गंदा पानी कच्चे नालों में बहाया जाएगा। कच्चे नाले की वजह से नाले का पानी जिधर जगह मिलती है बहने लगता है। इसे भी देखने वाला कोई नहीं है।

पब्लिक पर 5000 तक फाइन

कोई भी व्यक्ति घरों का गंदा पानी रोड पर बहाता है तो उस पर 500 रुपए से लेकर पांच हजार रुपए तक फाइन है। वहीं बार-बार नियम तोड़ने पर एक्ट के तहत कार्रवाई का भी प्रावधान है। लेकिन नगर निगम खुद नियमों का पालन नहीं कर रहा। इस वजह से जगह-जगह पर बड़े नालों को कनेक्ट नहीं किया गया है। नतीजन, नालों का पानी खाली जमीन में बहाया जा रहा है। अगर निगम कुछ दूर तक नालियों का निर्माण करा देता तो खुले में गंदा पानी बहाने की नौबत ही नहीं आती।

लोगों का रहना मुश्किल

गंदे नाले का पानी खाली पड़ी जमीन में बहाया जा रहा है। इस वजह से आसपास में रहने वाले लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं लोग घरों की खिड़कियां भी नहीं खोलते। दुर्गध और गंदगी के कारण मच्छरों के साथ कीड़े का भी आतंक बढ़ गया है। अब लोग बस यही गुहार लगा रहे हैं कि खुले में नाले का पानी बहाने पर रोक लगाई जाए, ताकि वे अपने घरों में सुरक्षित रह सकें।

क्या कहती है पब्लिक

नगर निगम केवल पब्लिक पर डंडा चलाना जानता है। जहां-जहां नालों में गैप छोड़ा गया है उन जगहों पर नाले का निर्माण करा देना चाहिए। इससे नालों का पानी जहां-तहां नहीं बहेगा। इस वजह से आसपास में रहने वाले हम जैसे लोगों को भी दिक्कत नहीं होगी। केवल मुख्य इलाकों को देखने से नहीं होगा।

प्रकाश

कई जगह कच्ची नालियां हैं। कुछ जगहों पर थोड़ी दूर तक नाला बनाया ही नहीं गया है। आखिर इन नालियों को बनाकर जोड़ा क्यों नहीं जाता। इस वजह से गंदगी और जल जमाव की समस्या हो रही है। बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। नगर निगम को इसे गंभीरता से लेकर काम करने की जरूरत है।

अमर शर्मा

Posted By: Inextlive