RANCHI:रांची शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए मारवाड़ी सहायक समिति ने जैसे ही मुफ्त ऑक्सीजन की सेवा शुरू की, वैसे ही स्टॉक में रखे गए सभी सिलेंडर खत्म हो गए। डिमांड इतनी है कि लोग 24 घंटे के भीतर ही 89 सिलेंडर ले गए। इसके बदले में लोगों ने समिति को 5000 रुपए बतौर सिक्योरिटी मनी भी दी। अब समिति के पास एक भी सिलेंडर नहीं है, जिस कारण मुफ्त में ऑक्सीजन देना बंद कर दिया गया है। बुधवार को और सिलेंडर आने पर दोबारा यह सेवा बहाल होगी।

लगातार बज रही फोन की घंटी

शहर में इतनी अधिक संख्या में लोग होम आइसोलेशन में हैं कि दूसरे दिन ही सभी ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर घर चले गए। उसके बाद से मारवाड़ी सहायक समिति के कार्यालय में लोगों का आना जाना और फोन की घंटियां घनघनाने लगीं। दो दिन में ही सारे ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो गए। अब बुधवार को फिर नया ऑक्सीजन सिलेंडर आएगा और लोगों को दिया जाएगा।

89 सिलेंडर बांट दिये

मारवाड़ी सहायक समिति के मुकेश वर्मा ने बताया कि जैसे ही हम लोगों ने ऑक्सीजन सिलेंडर देने की शुरुआत की, लोगों की भीड़ बढ़ती गई। डिमांड बहुत अधिक थी और उस अनुपात में सिलेंडर उपलब्ध नहीं थे। दो से तीन दिनों में ही 89 ऑक्सीजन सिलेंडर लोगों को बांट दिए गए।

बंद नहीं होगी सेवा

अब स्थिति ऐसी बन रही है कि अस्पतालों में कोरोना पेशेंट्स को जगह नहीं मिल पा रही। मृत्यु के बाद सहजता से मोक्ष भी नहीं मिल पा रहा। मारवाड़ी सहायक समिति ने कोरोना संकट के बीच अपने स्तर से सामाजिक दायित्वों के निर्वाहन की जिम्मेवारी उठायी है। मारवाड़ी भवन, हरमू (रांची) में जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर सर्विस शुरू की गयी है। लोग यहां से सातों दिन कभी भी सिलेंडर के लिए संपर्क कर सकते हैं। हालांकि, यहां सिलेंडर उपलब्ध रहने पर ही सेवा मिलेगी। समिति के लोगों का कहना है कि यह सेवा अभी जारी रहेगी।

चार दिनों में बढ़ी चुनौती

ऑक्सीजन सिलेंडर सेवा व्यवस्था के लिए एक सलाहकार समिति और एक संचालन समिति का गठन किया गया है। सलाहकार समिति में सुरेशचंद्र अग्रवाल, प्रदीप राजगढि़या, मनोज नरेडी और पंकज पोद्दार शामिल हैं। संचालन समिति में मनीष लोधा, सुरेश जैन के अलावा अंकुर डागा हैं। अध्यक्ष सुरेशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि ऑक्सीजन सिलेंडर सेवा पिछले साल ही कोरोना संकट शुरू होने पर ही प्रारंभ कर दी गयी थी। मारवाड़ी समाज के कुछ सदस्यों और दूसरों की मदद से इस सेवा की शुरुआत की गयी थी, पर इस साल कोरोना की दूसरी लहर ने ऑक्सीजन की डिमांड जबर्दस्त तरीके से बढ़ा दी है। खासकर ऐसे लोग जो कोरोना संक्रमित हैं और उन्हें अस्पतालों में बेड नहीं मिल पा रहा है, उन्हें इसकी जरूरत ज्यादा महसूस हो रही। पिछले तीन-चार दिनों में चुनौती बढ़ी है।

इन्हें मिलेगी ऑक्सीजन

समिति उन लोगों को ऑक्सीजन उपलब्ध करा रही है, जिनका लेवल 90 से नीचे रहता है। फिलहाल 80 सिलेंडर अलग अलग जगहों पर लाभुकों के पास हैं। 20 अभी ऑनलाइन में है। 50 और सिलेंडर का इंतजाम किया जा रहा है। कुल मिलाकर 150 सिलेंडर का इंतजाम अगले 2-3 महीने तक किये जाने की तैयारी है। फिलहाल बोकारो से ऑक्सीजन का इंतजाम किया जा रहा है, जिसमें थोड़ी परेशानी आ रही है। स्थिति ऐसी है कि जो होम क्वारंटीन में हैं और जिन्हें इसकी जरूरत नहीं भी है, वे भी ऑक्सीजन की डिमांड करके अपने पास सिलेंडर रख ले रहे हैं।

5000 सिक्योरिटी मनी देकर लेंगे सिलेंडर

रांची में जिन लोगों को इसकी जरूरत है, वे संचालन समिति से संपर्क करेंगे। सिलेंडर मारवाड़ी भवन में जाकर ही लेना होगा। सिक्यूरिटी मनी के तौर पर 5000 रुपए जमा करने होंगे। इस्तेमाल के बाद फिर मारवाड़ी भवन आकर सिलेंडर वापस करना होगा। सिलेंडर लगाने के लिए मेडिकल प्रैक्टिशनर की मदद लेने की सलाह लोगों को दी गई है।

Posted By: Inextlive