RANCHI:हरमू में आवास बोर्ड की जमीन पर बनने वाला फाइव स्टार होटल का प्रस्ताव स्थगित हो गया है। अब हरमू की जगह स्मार्ट सिटी में फाइव स्टार होटल का निर्माण किया जाएगा। एचईसी में बन रहे स्मार्ट सिटी में होटल बनाने के लिए फिर से नए इनवेस्टर की तलाश की जा रही है। इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) मांगी गयी है। फाइव स्टार के साथ ही थ्री स्टार होटल के निर्माण के लिए भी आरएफपी मांगी गयी है। निवेशकों के साथ पहले ही प्री बीड मीटिंग हो चुकी है। इससे पहले हरमू में फाइव स्टार होटल के निर्माण का प्रस्ताव था। उसे स्थगित कर दिया गया है। इसकी जगह अब धुर्वा में फाइव स्टार होटल खोलने का प्रस्ताव है।

दो एकड़ जमीन पर बनना था

हरमू के सहजानंद चौक के पास स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड की 2 एकड़ जमीन पर पांच सितारा होटल खोलने के लिए कई कंपनियां ने इंटरेस्ट दिखाया था। जिसमें हयात, महिन्द्रा होली डे, आईटीसी जिंजर होटल, बीके ग्रुप, बीएनआर, रामदा ग्रुप, लेमन ट्री प्रीमियर जैसे होटल समूह भी जमीन के ई ऑक्शन में शामिल हुए थे। इंटरनेशनल क्रिकेट होने और व्यावसायिक गतिविधि बढ़ती देख पांच सितारा होटल खोलने का निर्देश दिया गया था। इसके लिए सरकार ने प्राइम लोकेशन पर जमीन देने की तैयारी की थी। शुरुआत में सरकार ने 4 एकड़ जमीन पर फाइव स्टार होटल बनाने का प्रस्ताव भी किया था जिसे बाद में घटाकर 2 एकड़ किया गया।

लोगों ने जताया था विरोध

हरमू में होटल खोलने पर सिविल सोसाइटी ने विरोध जताया था। उनका कहना है कि पांच सितारा होटल के लिए पानी कहां से आएगा। ट्रैफिक का लोड भी हरमू बाईपास पर पड़ेगा। सदस्यों ने इस क्षेत्र में बोर्ड की जमीन पर बच्चों के खेलने के मैदान या पार्क बनाने की मांग की है। आसपास के लोगों ने इसके लिए सरकार को पत्र भी लिखा था। हरमू बहुत ही घनी आबादी वाली जगह है। हर दिन यहां की जनसंख्या बढ़ रही है। कंक्रीट के जंगल बढ़ते जा रहे हैं। जो थोड़ी बहुत सरकारी जमीन खाली है, वह बच्चों के खेलने के लिए रिजर्व रखी जाए, यह विचार सिविल सोसाइटी ने रखा था।

प्रपोजल भी दे चुके हैं कई समूह

रांची में फाइव स्टार होटल खोलने को इच्छुक कई होटल समूहों ने अपना प्रपोजल नगर विकास विभाग को दिया है। पहले वाले प्रोजेक्ट पर देश के बड़े होटल्स ग्रुप के अलावे रांची के रेडिसन ब्लू, कावेरी ग्रुप और बीएनआर चाणक्य के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया था। पुरानी सरकार में यहां होटल बनाने के लिए जिस रफ्तार से काम शुरू हुआ था, वह अगर होता रहता तो अभी तक यहां होटल बनकर तैयार हो जाता। लेकिन नई सरकार आने के बाद हरमू में फाइव स्टार होटल बनने के प्रस्ताव को ही खारिज कर दिया गया और आवास बोर्ड की जमीन पर बनने वाला होटल बंद हो गया।

इसलिए जरूरत पड़ी होटल की

पिछली सरकार में यहां होटल बनाने के लिए नगर विकास विभाग ने अपनी तरफ से पूरी तैयारी की थी। फाइव स्टार होटल बनाने के लिए सरकार ने कंपनियों को कई तरह की छूट भी दी थी। रांची जिस तरह से व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बन रहा है, इसके लिए फाइव स्टार होटल की जरूरत पड़ रही है। हालांकि एक फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू रांची में है, लेकिन अब सरकार फाइव स्टार होटल खोलने के लिए आगे आ रही है। नगर विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में रांची व्यवसायियों का एक सेंटर बनेगा। ऐसे में अगर उनको रहने के लिए बेहतर होटल की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी तो इकोनॉमिक डेवलपमेंट पर भी इसका असर पड़ेगा।

रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन द्वारा स्मार्ट सिटी एरिया बेस्ड में फाइव स्टार होटल खोलने के लिए देश की बड़ी कंपनियों से एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट मांगा गया है। कंपनियों के साथ प्री बीड मीटिंग भी हो गयी है। अब जल्द ही उनसे डीटेल्स मांगा गया है।

-अमित कुमार, जनसंपर्क पदाधिकारी, रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन

Posted By: Inextlive