RANCHI : ओडि़शा के कटक जिले के जगतपुर थाना एरिया के पश्चिमकछ इलाके से आतंकी होने के आरोप में पकड़ाए मोहम्मद अब्दुर रहमान (37) के झारखंड कनेक्शन की बात भी सामने आई है। अलकायदा का यह संदिग्ध आतंकवादी 2014 से एक्युआईएस के लिए काम कर रहा था। टांगी इलाके में वह एक मदरसा चलाता था। इस मदरसे में झारखंड के युवाओं को बहला-फुसलाकर लाया जाता था। अब्दुर रहमान के पाकिस्तान,सउदी अरब व लंदन के साथ भी लिंक होने का पता चला है। झारखंड में आतंकवादी गतिविधियों में वह शामिल रहा है या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है

झारखंड में बढ़ाई थी गतिविधि

झारखंड पुलिस के एडीजी सह प्रवक्ता एसएन प्रधान ने बताया कि अब्दुर रहमान पिछले एक साल से झारखंड में अपनी गतिविधि चला रहा था। वह रांची के चान्हो व मांडर एवं लोहरदगा के कुडू समेत कई इलाकों में आकर भड़काऊ भाषण देता था। स्पेशल ब्रांच ने इसकी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को पहले ही दी थी। पुलिस मुख्यालय की ओर से जब उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की गई तो वह राज्य से बाहर भाग गया। एसएन प्रधान ने बताया कि उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम भी गठित की गई थी। अब्दुर को पकड़ने के लिए यह टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी भी की थी, लेकिन पकड़ने में सफलता नहीं मिल पाई थी।

रिमांड पर लेगी झारखंड पुलिस

एडीजी एसएन प्रधान ने बताया कि आतंकी होने के आरोप में पकड़े गए अब्दुर रहमान को झारखंड पुलिस रिमांड पर लेगी। उससे आईएसआई की गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इसके लिए ओडि़शा पुलिस से संपर्क साधा गया है। हालांकि, पकड़े जाने के बाद से ओडि़शा पुलिस उसके आतंकी गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही है। आतंकी संगठन में युवाओं को भर्ती करने की जिम्मेदारी अब्दुर रहमान के पास थी।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

ओडि़शा पुलिस के कमिश्नर डॉ आरपी शर्मा ने बताया कि काफी दिनों से अब्दुर रहमान की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। वह अलकायदा इंडियन सब कांटिनेंट (एक्युआईएस) से जुड़ा था। इस बाबत दिल्ली पुलिस ने भी संपर्क साधा था। ऐसे में दिल्ली पुलिस के भुवनेश्वर पहुंचने के बाद उसे गिरफ्तार करने का फैसला किया गया। उसे ओडि़शा के कटक जिले के जगतपुर थाना एरिया के पश्चिमकछ इलाके से पकड़ा गया। उसके पास से पुलिस ने मोबाइल फोन, टैबलेट और पासपोर्ट बरामद किया है।

Posted By: Inextlive