रांची: रांची नगर निगम एरिया में बड़ी आबादी रहती है। वहीं लोगों ने अपने घर और दुकान भी बनाई है, जिसके लिए रांची नगर निगम को टैक्स भी जमा कराते हैं। लेकिन कुछ दिनों से प्रॉपर्टी टैक्स आनलाइन का पेज ही क्रैश हो गया है। इस वजह से लोग ऑनलाइन टैक्स ही नहीं भर पा रहे हैं। वहीं टैक्स कलेक्टर को बुलाने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो रही है। अब इसका खामियाजा पब्लिक भुगत रही है। उन्हें रांची नगर निगम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

नई एजेंसी ने संभाला काम

नगर निगम के लिए टैक्स कलेक्शन का काम पहले स्पैरो सॉफ्टेक कर रही थी। लंबे समय तक काम करने के कारण हर जानकारी एजेंसी के पास थी। ऐसे में लोग आनलाइन टैक्स जमा कर रहे थे। वहीं उसके टैक्स कलेक्टर आकर घरों में भी टैक्स जमा ले लेते थे। लेकिन जैसे ही नई एजेंसी ने निगम में काम संभाला तो पुरानी एजेंसी ने पहले पूरा डेटा शेयर नहीं किया। अब नई एजेंसी टैक्स कलेक्शन कर रही है और अपना डेटा बैंक दुरुस्त करने में लगी है।

पेमेंट ऑनलाइन क्लिक करते ही क्रैश

नगर निगम की वेबसाइट तो खुल रही है। लेकिन उसमें पेमेंट आनलाइन पर क्लिक करने के साथ ही पेज क्रैश कर जा रहा है। इसके बाद पेमेंट का कोई ऑप्शन ही नहीं आता। इस चक्कर में लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं डाटा में भी गड़बड़ी परेशानी खड़ी कर रही है। अब सर्वर और डाटा के चक्कर में लोग टाइम से टैक्स जमा नहीं कर पा रहे हैं।

नहीं जमा कर पा रहे एडवांस टैक्स

एडवांस टैक्स जमा करने पर नगर निगम की ओर से डिस्काउंट दिया जाता है। ऐसे में मार्च से पहले लोग टैक्स जमा कर इसका लाभ उठाना चाहते हैं पर एडवांस टैक्स जमा करने के लिए लोग आनलाइन एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। वहीं नगर निगम में लंबी लाइन की वजह से लोग वहां नहीं जा रहे हैं। अब लोगों को इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं इंतजार करते-करते मार्च न आ जाए। इसके बाद तो टैक्स जमा करने में कोई छूट नहीं मिलेगी।

Posted By: Inextlive