RANCHI:रांची के लोगों के लिए शनिवार को फिर अच्छी खबर आई। सीसीएल गांधीनगर हॉस्पिटल से 11 मरीज स्वस्थ होकर निकले, जिसके बाद रांची में एक्टिव केसेज घटकर 18 ही रह गए हैं। एक्टिव केसेज के मामले में अब रांची जिला तीसरे नंबर पर आ गया है। पहले नंबर पर गढ़वा (25) और दूसरे स्थान पर हजारीबाग (21) है। शनिवार को नए मरीज भी सिर्फ दो ही मिले। इनमें से एक इटकी की महिला है, तो दूसरा गढ़वा का है।

छलक आए खुशी के आंसू

शनिवार को गांधीनगर हटस्पिटल से डिस्चार्ज हुए लोगों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। डिस्चार्ज होने पर उन्हें फूल, कैप और उपहार देकर विदा किया गया। इन सभी मरीजों की पहली जांच छह मई को हुई थी। इसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। दूसरी जांच में भी सभी मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आई और शनिवार को सभी 11 कोरोना मरीजों को पूर्णत: स्वस्थ होने पर आवश्यक चिकित्सीय सलाह के साथ राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन से घर भेज दिया गया। अस्पताल से निकलते हुए सभी मरीजों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था, लेकिन उनकी आंखों में खुशी साफ दिख रही थी।

नई जिंदगी मिली, किया सलाम

डिस्चार्ज हुए मरीजों में 65 वर्ष की एक महिला भी शामिल हैं। उन्होंने अस्पताल से निकलते हुए कहा कि 65 वर्ष की आयु में कोरोना से जंग जीतकर उन्हें नया जन्म मिला है। वहां से निकलते हुए उन्होंने गेट के बाहर से आंखों में खुशी के आंसू भरते हुए अस्पताल को झुककर सलाम किया। अभी सीसीएल गांधीनगर हॉस्पिटल में एक मात्र मरीज और भर्ती है। इसकी दूसरी टेस्ट की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। इस अवसर पर अस्पताल की सीएमएस और कोविड-19 मरीजों की देख-रेख में लगीं डॉ मंजू मिश्रा ने बताया कि इस संक्रमण से डरने की नहीं केवल बचने की जरूरत है। अस्पताल में सभी मरीजों को भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार दवाई और देखभाल की गई। इसके साथ ही उन्हें पौष्टिक खाना भी दिया जा रहा था। अस्पताल से मरीजों के डिस्चार्ज होने पर सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हर हाल में सीसीएल कोरोना संक्रमण के खिलाफ जंग में प्रशासन की मदद के लिए खड़ा है।

रांची जिला जल्द होगा कोरोना मुक्त

रांची के डीसी राय महिमापत रे ने रांची वासियों से अपील करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से रांची जिला भविष्य में कोरोना मुक्त हो जाएगा। लोग शारीरिक दूरी का पालन करते रहें और कोविड-19 के रोकथाम में जिला प्रशासन का सहयोग करें। हम सब मिलकर रांची जिला को कोरोना संक्रमण से जल्द ही मुक्त करेंगे। उपायुक्त ने मरीजों के लगातार स्वस्थ होने पर डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी है।

राज्य में कोरोना के इतने मरीज

कुल इन्फेक्टेड - 217

एक्टिव केस - 101

स्वस्थ हुए - 113

मृत्यु - 03

Posted By: Inextlive