RANCHI:रांची में धान की खरीदारी का प्रॉसेस शुरू होते ही बंद कर दिया गया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव ने इसे बंद करने का निर्देश जारी किया है। उन्होंने इसे 15 दिनों तक स्थगित करने के लिए कहा है। खाद आपूर्ति मंत्री ने कहा है कि अभी धान गीला है। गीला धान खरीदना सरकारी खजाने के साथ बेईमानी करने के बराबर होगा। रांची में एक दिन पहले ही क्रय केंद्रों से धान की खरीदारी शुरू हुई थी।

किसान हूं, सब जानता हूं

रामेश्वर उरांव ने कहा कि वह किसान हैं, जानते हैं कि धान कब सूखता है। अभी गांवों में धन कटनी शुरू हुई है। कम से कम 15 दिन उसे सूखने में लगेगा। अभी वह पूरी तरह गीला है। अभी खरीदने के बाद पांच दिनों में ही धान पांच किलो कम हो जाएगा। अगर सरकार 2050 रुपए एक क्विंटल का दे रही है तो उतना धान भी तो चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी धान खरीदने से सरकारी नुकसान होगा।

ये पंजाब नहीं, झारखंड है

मंत्री ने कहा कि ये पंजाब नहीं है, जहां एक महीने पहले ही धान की कटाई शुरू हो गई हो। वहां अलग माहौल है। वहां धान कटाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में अभी तक धान की बिक्री शुरू नहीं हुई है। बिहार-झारखंड में देर से ही धान की कटनी शुरू होती है।

2050 रुपए प्रति क्विंटल

खाद्य व आपूर्ति विभाग की ओर से 2020-21 सत्र के लिए धान की एमएसपी 1868 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 183 रुपए बोनस की घोषणा की गई है। इस हिसाब से किसानों को इस बार एक क्विंटल धान के लिए 2050 रुपए दिए जा रहे हैं।

Posted By: Inextlive