RANCHI: राजधानी में लॉकडाउन के कारण पाल्यूशन का लेवल कम जरूर हुआ है। लेकिन अभी शांत होकर बैठने की जरूरत नहीं है। बल्कि पहले से ज्यादा जागरूक रहना होगा तभी पाल्यूशन को खतरनाक लेवल पर पहुंचने से रोका जा सकेगा। इसके बावजूद सिटी के लोग सपोर्ट करने को तैयार नहीं हैं। वहीं रांची नगर निगम भी पाल्यूशन फैलाने में पीछे नहीं है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग जहां-तहां कचरे को आग लगा रहे हैं। इससे घंटों तक धुआं निकल रहा है, जो हमारे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के लिए काफी है।

टेंशन से बचने को आग

सिटी में कहीं भी कचरा जलाने पर रोक है। फिर चाहे वो आम पब्लिक हो या रांची नगर निगम के स्टाफ्स। इसके लिए विभाग की ओर से जुर्माना भी तय किया गया है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण लोग आग लगाने में जरा भी देर नहीं करते। जहां ज्यादा कचरा जमा हुआ और निगम उठाकर नहीं ले जाता तो उसे सीधे जला देते हैं। वहीं निगम के स्टाफ भी कई बार कचरा उठाने के बजाय उसे जला देना ही बेहतर समझते हैं। इससे उन्हें भी उठाने की टेंशन नहीं रहती।

एक की गलती की सजा पूरी सिटी को

दिवाली के कारण घरों से कचरा काफी निकला है। लोगों ने नगर निगम की गाडि़यों में कचरा तो दिया। लेकिन निगम की गाडि़यों के लिए हर इलाके को कवर कर पाना थोड़ा मुश्किल हो गया है। इस वजह से गली-मोहल्लों में कचरा काफी जमा हो गया। वहीं दिवाली के कारण अब निगम के लोग चाहे कितना भी जोर लगा लें हर इलाके को कवर नहीं कर सकेंगे। ऐसी स्थिति में लोग भी मानने को तैयार नहीं हैं। सबकुछ जानते हुए भी कचरे में आग लगा देते हैं। वे यह नहीं जानते कि उनकी इस गलती का ख्रामियाजा पूरे शहर को भुगतना होगा।

कोरोना से ठीक हुए मरीजों को खतरा

पाल्यूशन से वैसे तो हर किसी को खतरा है। लेकिन कोरोना को मात दे चुके लोगों को सामान्य लोगों की तुलना में काफी खतरा है। इसलिए कोरोना को ध्यान में रखते हुए और एयर क्वालिटी इंडेक्स को देखते हुए इस बार पाल्यूशन पर कंट्रोल लगाने का निर्देश दिया गया है। चूंकि पटाखों से होने वाला पाल्यूशन उनके लिए खतरनाक है। पहले से ही उनके लंग्स पर इन्फेक्टेड हैं। अब पाल्यूशन के कारण उनकी परेशानी और ज्यादा बढ़ जाएगी। फिर भी लोग पाल्यूशन फैलाने से परहेज नहीं कर रहे।

Posted By: Inextlive